गाजियाबाद में युवक की हत्या : जिगरी यार बन बैठा जल्लाद, सिर में सिलेंडर मारकर उतार दिया मौत के घाट 

Tricity Today | घटनास्थल की फोटो



Ghaziabad News : गाजियाबाद में थाना विजयनगर क्षेत्र के अंबेडकर नगर में किराए पर रहने वाले एक युवक की सिर पर छोटा एलपीजी सिलेंडर मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को उसके जिगरी यार (रूममेट) ने अंजाम दिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। आरोपी मृतक का मोबाइल फोन भी ले गया है। जो अब बंद पड़ा है। हत्या का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद कारण पता चल पाएगा। 

यह है पूरा मामला 
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 23 वर्षीय शुभम के के रूप में हुई है। मकान मालिक सौदान सिंह के बेटे मनीष ने बताया कि वह मंगलवार रात करीब 9 बजे छत पर गया था। वहां से मैंने देखा कि शुभम का कमरा बाहर से बंद है तो मैं चौंक गया। शुभम और प्रेम शाम को घर आते थे। दोनों में से किसी ने भी कहीं जाने की जानकारी नहीं दी थी। कुछ गड़बड़ होने का संदेह होने पर उसने कमरे के अंदर झांककर देखा। वहां फर्श पर एक शव पड़ा हुआ नजर आया। यह देखकर उसकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। ताला तोड़कर अंदर घुसे तो शव शुभम का था। सिर पर गहरी चोट लगी थी। प्रेम मौके पर नहीं था। 

मंगलवार शाम को दिया वारदात को अंजाम 
अन्य किरायेदारों ने बताया कि उन्होंने मंगलवार शाम चार बजे ही प्रेम को बैग लेकर निकलते देखा था। उनके चेहरे पर डर के भाव थे और वह जल्दी में लग रहे थे। उसे लगा कि घर में कोई अनहोनी हो गई होगी, इसलिए वह जल्दी में था।

नशे के आदी थे दोनों 
शुभम मूल रूप से भदोही जिले के सिखेड़ी गांव का रहने वाला था। यहां विजयनगर में वह सौदान सिंह के मकान की चौथी मंजिल पर डेढ़ साल से किराए पर रह रहा था। दो माह पहले वह अपने साथी प्रेम को भी लेकर आया था। प्रेम भी उसी गांव का बताया जा रहा है। ये दोनों यहां मजदूरी करते थे। हाल ही में दोनों एक फैक्ट्री में काम कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि दोनों नशे के आदी थे। शुभम का मोबाइल गायब है। आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे में हुई मारपीट के दौरान यह घटना हुई है।

पुलिस का बयान 
एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि हत्यारोपी प्रेम कके पकड़े जाने के बाद ही हत्या का कारण स्पष्ट हो सकेगा। शुभम के परिवार से संपर्क किया गया है।

अन्य खबरें