यमुना प्राधिकरण से बड़ी खबर : इस महीने धड़धड़ा 13 स्कीम आएंगी, घर, दुकान, दफ्तर बनाने का मौका, पढ़िए पूरी जानकारी

Tricity Today | Symbolic Image



Greater Noida News : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (Yamuna Expressway Industrial Development Authority) एक साथ 10 भूखंड आवंटन योजनाएं घोषित करने जा रहा है। मंगलवार को यह जानकारी यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुण वीर सिंह ने दी। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि इन भूखंड आवंटन योजनाओं की घोषणा तीन चरणों में की जाएगी। पहले 5 जुलाई फिर 10 जुलाई और आख़िर में 15 जुलाई को भूखंड आवंटन योजनाएं घोषित होंगी। भूखंडों की आवंटन प्रक्रियाएं अलग-अलग रहेंगी। कई स्कीम में आवंटन ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा। कुछ योजनाओं के भूखंड आवंटन साक्षात्कार के माध्यम से होंगे। जबकि कुछ भूखंड आवंटन योजनाओं में ऑनलाइन बिडिंग के माध्यम से आवंटन किया जाएगा। योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी स्कीम ब्रोशर से मिलेगी। योजनाओं के ब्रोशर यमुना प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं।

5 जुलाई को घोषित होंगी दो स्कीम
1. मेडिकल डिवाइस पार्क : यह केंद्र सरकार के वित्तपोषण पर आधारित यमुना प्राधिकरण कि भूखंड आवंटन योजना है। मिली जानकारी के मुताबिक, मेडिकल डिवाइस पार्क में 27 भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। मेडिकल मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में काम कर रही देशी और विदेशी कंपनियां आवेदन कर सकेंगी। साक्षात्कार से आवंटन किया जाएगा। आवंटन हासिल करने वाली कम्पनी अगले 10 वर्षों तक ज़मीन बेच नहीं सकेगी। इससे पहले एक चरण में मेडिकल डिवाइस पार्क में यमुना प्राधिकरण भूखंडों का आवंटन कर चुका है।
2. ⁠आवासीय भूखंड: पांच जुलाई को दूसरी भूखंड आवंटन योजना रेजिडेंशियल प्लॉट्स की होगी। यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि इस योजना के तहत 700 भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। इन भूखंडों का क्षेत्रफल 300 वर्गमीटर से लेकर 4000 वर्गमीटर तक होगा। इनमे 112 वर्गमीटर, 162 वर्गमीटर और 200 वर्गमीटर के भूखंड भी शामिल किए गए हैं। यह भूखंड यमुना सिटी के सेक्टर-18, सेक्टर-20 और सेक्टर-24 में आवंटित किए जाएंगे। आवंटन प्रक्रिया लक्की ड्रॉ के माध्यम से होगी। आवेदकों को एक मुश्त, 50% और लंबी किस्तों में भुगतान करने का विकल्प दिया जाएगा।

10 जुलाई को घोषित होंगी 10 स्कीम
1. ग्रुप हाउसिंग स्कीम: यमुना प्राधिकरण की दूसरी बड़ी आवासीय योजना 10 जुलाई को घोषित की जाएगी। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि यह ग्रुप हाउसिंग स्कीम होगी। जिसमें 25-25 एकड़ के नौ भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। इस तरह यमुना प्राधिकरण 125 एकड़ ज़मीन का आवंटन ग्रुप हाउसिंग कंपनियों को करेगा। यह सारे भूखंड यमुना सिटी के सेक्टर 22डी में हैं। इनका आवंटन बोली के आधार पर होगा। बिल्डर कंपनियां आवेदन कर सकेंगी। इन भूखंडों का आवंटन ऑनलाइन बिडिंग के आधार पर किया जाएगा। एक भूखंड के सापेक्ष कम से कम दो कंपनियों के आवेदन मिलने ज़रूरी होंगे। सबसे ऊंची बोली लगाने वाली कंपनी को भूखंड मिलेगा।
2. कॉरपोरेट ऑफिस: यमुना सिटी में ज़ेवर क़स्बे के पास नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण तेज़ी से चल रहा है। अगले साल की शुरुआत में एयरपोर्ट से उड़ान शुरू हो जाएंगी। लिहाज़ा, यमुना प्राधिकरण एयरपोर्ट के आसपास बड़ी बड़ी कंपनियों को मुख्यालय खोलने का अवसर दे रहा है। देशी-विदेशी कॉर्पोरेट कंपनियों के लिए भूखंड आवंटन योजना घोषित की जाएगी। कॉर्पोरेट ऑफ़िस के लिए 50 भूखंडों की योजना घोषित होगी।
3. ⁠नर्सिंग होम: यमुना सिटी के सेक्टर-18 और सेक्टर-20 बड़े आवासीय क्षेत्र हैं। इन दोनों सेक्टरों में 21,000 आवासीय भूखंड हैं। जिनमें आने वाले वर्षों के दौरान घर बनाकर लोग रहेंगे। इन दोनों सेक्टरों की जनसंख्या तो क़रीब सवा लाख होगी। भविष्य में आने वाले इन लोगों के लिए यमुना प्राधिकरण आधारभूत सुविधाएँ विकसित कर रहा है। इसी सिलसिले में नर्सिंग होम के लिए भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। ख़ास बात यह है कि दोनों सेक्टरों में 12 नर्सिंग होम बनाने के लिए भूखंड आवंटित किए जाएंगे।
4. अस्पताल: यमुना सिटी के सेक्टर 18 और 20 में अस्पताल बनाने के लिए 5 भूखंडों का आवंटन होगा। यह 5 भूखंड नर्सिंग होम के लिए आवंटित होने वाले 12 भूखंडों से अलग होंगे। इनका क्षेत्रफल बड़ा होगा। पूरी जानकारी 10 जुलाई को इसकी घोषित होने के बाद यमुना प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकेगी।
5. ओल्ड एज होम: बुजुर्गों के लिए वृद्धाश्रम बनाने के लिए चार भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। साक्षात्कार से आवंटन होगा। देश भर में कार्यरत सामाजिक संगठन या ग़ैर सरकारी संगठन (एनजीओ) इस योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं। भूखंडों का आवंटन साक्षात्कार के आधार पर होगा। यह चारों भूखंड यमुना सिटी के सेक्टर 18 और 20 में आवंटित किए जाएंगे।
6. बेंकवेट हॉल: शादी समारोह जैसे आयोजन करने के लिए यमुना प्राधिकरण बैंक्वेट होली स्कीम 10 जुलाई को लॉन्च करेंगी। बैंक्वेट हॉल बनाने के लिए चार भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। यह चारों भूखंड सेक्टर 18 और 20 में आवंटित किए जाएंगे। 
7. क्रेच: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बड़े पैमाने पर औद्योगीकरण का काम चल रहा है। बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियां और कंपनियां आ रही हैं। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं काम करेंगी। कामकाजी महिलाओं के लिए छोटे बच्चे बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इन बच्चों की देखभाल करने के लिए औद्योगिक सेक्टरों में क्रेच बनाए जाएंगे। क्रेच बनाने के लिए चार भूखंड आवंटित किए जाएंगे। ग़ैर सरकारी संगठन आवंटन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
8. मिल्क और वेजिटेबल बूथ: यमुना सिटी के सेक्टर 18 और 20 में रहने वाले लोगों को रोज़मर्रा की चीज़ें चाहिए होंगी। मिल्क और वेजिटेबल बूथ बनाने के लिए छोटे भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। क़रीब 200 भूखंडों का आवंटन होगा। व्यक्तिगत रूप से लोग ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदकों को बोलियां लगानी होंगी। सबसे ज़्यादा क़ीमत की बोली लगाने वालों को भूखंडों का आवंटन किया जाएगा।
9. पेट्रोल पम्प: वाहनों के लिए फ्यूल स्टेशन और सर्विस सेंटर बनाने के लिए भी सेक्टर 18 और 20 में भूखंड आवंटित किए जाएंगे। इन भूखंडों का आवंटन ऑनलाइन बोली के आधार पर किया जाएगा। भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल जैसी कम्पनियां भी आवेदन करेंगी।
10. चाइल्ड केयर हॉस्पिटल: यमुना सिटी में चाइल्ड केयर हॉस्पिटल बनाए जाएंगे। इन भूखंडों का आवंटन औद्योगिक सेक्टरों में किया जाएगा। इन अस्पतालों का उद्देश्य विशेष और दिव्यांग बच्चों की देखभाल व इलाज करना है। पहले से चल रहे अस्पताल और ग़ैर सरकारी संगठन इन भूखंडों का आवंटन हासिल करने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

15 जुलाई को घोषित होगी यह स्कीम
यमुना सिटी में होटल बनाने के लिए सात भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। सेक्टर 29 में इन प्लॉट्स का आवंटन किया जाएगा। यह सेक्टर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास है। इन प्लॉट्स पर थ्री स्टार, फोर स्टार और फाइव स्टार होटल बनाए जाएंगे। इनका क्षेत्रफल 5,000, 10,000 और 20,000 हजार वर्ग मीटर है। होटलों के लिए वाणिज्यिक श्रेणी की ज़मीन का आवंटन किया जाएगा। बड़ी-बड़ी कंपनियां इन भूखंडों को हासिल करने के लिए आवेदन कर सकेंगी। भूखंडों का आवंटन ऑनलाइन उच्चतम बोली के आधार पर होगा।

यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रीज़ डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुण वीर सिंह ने बताया कि इन योजनाओं से 3,700 करोड़ रुपये का राजस्व 30 सितंबर तक मिलेगा। इस ज़मीन की बिक्री से प्राधिकरण को अगले कुछ वर्षों के दौरान क़रीब 7,000 करोड़ रुपये की आय होगी। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में क़रीब 20,000 करोड़ रुपये का निवेश आएगा। क़रीब 5,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोज़गार के अवसर मिलेंगे।

अन्य खबरें