BIG BREAKING : यमुना सिटी में चार नई टाउनशिप बसाई जाएंगी, 30 हजार नए घर बनेंगे

Tricity Today | यमुना प्राधिकरण



Greater Noida News : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण जून महीने में यमुना सिटी में एक बड़ा आवासीय प्रोजेक्ट घोषित करने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के तहत चार नई टाउनशिप विकसित की जाएंगी। इसके लिए बड़े भूखंडों का आवंटन बिल्डरों को किया जाएगा।
          View this post on Instagram                      

A post shared by Tricity Today (@tricitytoday_)


बुधवार को प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर के सेक्टर-22डी में 4 टाउनशिप बसाने के लिए बिल्डरों को भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। भूखंडों का आवंटन ग्रुप हाउसिंग स्कीम के नियमों के तहत होगा।

चारों भूखंडों का क्षेत्रफल तय
डॉ. सिंह ने बताया कि पहला भूखंड 25 एकड़ का है। दूसरा भूखंड 48 एकड़ का है। तीसरा भूखंड 33.6 एकड़ का है और चौथा भूखंड 55.5 एकड़ का है। इस प्रकार इस स्कीम के तहत कुल 172 एकड़ जमीन का आवंटन किया जाएगा। यह आवंटन नई नीति के तहत होगा। बिल्डरों को उच्चतम बोली के आधार पर जमीन दी जाएगी।

30,000 नए घर बनेंगे
सीईओ ने बताया कि इन 4 टाउनशिप में करीब 30,000 नई आवासीय यूनिट बनेंगी। इससे यमुना सिटी में आवासीय गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी। सेक्टर-22डी नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बेहद निकट स्थित है। इस सेक्टर की कनेक्टिविटी भी बहुत अच्छी है।

दो और आवासीय योजनाएं आएंगी
डॉ. सिंह ने बताया कि जून में प्राधिकरण दो और आवासीय योजनाएं घोषित करेगा। इनमें भूखंडों का आवंटन सभी वर्गों के लिए किया जाएगा। निम्न आय वर्ग के लिए 30 वर्ग मीटर के भूखंड होंगे, जिनकी कीमत सिर्फ 7.5 लाख रुपये है। वहीं मध्यम और उच्च आय वर्ग के लिए 300 से 4,000 वर्ग मीटर के प्लॉट होंगे।

करीब 40,000 परिवारों को मिलेगा आवास
सीईओ ने कहा कि यह तीन आवासीय योजनाएं यमुना सिटी के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगी। इन योजनाओं से करीब 40,000 परिवारों को आवासीय सुविधा मिलेगी। साथ ही इससे यहां निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।  

निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
विशेषज्ञों के अनुसार इतने बड़े प्रोजेक्ट से निर्माण गतिविधियां बढ़ेंगी। साथ ही सेवा क्षेत्र में भी लोगों को नौकरियां मिलेंगी। इससे इलाके में व्यापक विकास संभव होगा। इसके लिए सुदृढ़ बुनियादी ढांचे की भी आवश्यकता होगी। जिस पर प्राधिकरण तेजी से काम कर रहा है।

अन्य खबरें