अलविदा ! केसरी सिंह गुर्जर : देहात मोर्चा और बझेड़ा किसान आंदोलन की नींव रखी, हक के लिए लड़ना उनकी आदत थी

Tricity Today | केसरी सिंह गुर्जर



Greater Noida Desk : किसानों के लिए लड़ाई लड़ने वाले केसरी सिंह गुर्जर अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनका निधन हो गया है। केसरी सिंह गुर्जर ने देहात मोर्चा और बझेड़ा किसान आंदोलन की नींव रखी थी। किसानों के हक के लिए लड़ना उनकी आदत थी। बीती रात उनका निधन हो गया है। आज शनिवार की दोपहर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

देर रात को हुआ निधन
केसरी सिंह गुर्जर नोएडा में स्थित याकूबपुर गांव के निवासी थे। उनको समाज का बड़ा पुरोधा माना जाता था। वह सुप्रीम कोर्ट के सीनियर अधिवक्ता के रूप में कार्य कर चुके थे। याकूबपुर गांव के निवासी एडवोकेट रामशरण नागर का कहना है कि शुक्रवार की रात करीब 12:00 बजे केसरी सिंह का निधन हो गया। उनकी उम्र 90 वर्ष थी। आज शनिवार को दोपहर के समय नोएडा सेक्टर-83 में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन की खबर सुनने के बाद केवल गौतमबुद्ध नगर ही नहीं बल्कि वेस्ट यूपी के तमाम दिग्गज गुर्जर नेता और किसान नेता उनके अंतिम दर्शन के लिए आए हैं।

चौधरी चरण सिंह और शरद यादव जैसे नेताओं के साथ चलाए आंदोलन
आपको बता दें कि केसरी सिंह गुर्जर के भीतर बचपन से ही समाज कल्याण की भावनाएं थीं। उन्होंने किसानों के उद्धार में काफी कार्य किए हैं। वह सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। उत्तर भारत में एक बड़े किसान संगठन के रूप में उनको किसान मोर्चे का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह, प्रसिद्ध व दिग्गज नेता शरद यादव, रामविलास पासवान और चौधरी चरण सिंह जैसे बड़े नेताओं के साथ किसान आंदोलन चलाए हैं।

केसरी सिंह गुर्जर के साथ लंबे वक्त तक सक्रिय रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा, “यह बेहद दुखद समाचार है। केसरी सिंह देहात मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। गुर्जर समाज के अग्रणी नेता और वरिष्ठ समाजसेवी थे। वह सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट थे। पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह, जनता दल के संस्थापक रहे शरद यादव और रामविलास पासवान के अति निकट व विश्वस्त साथियों में रहे थे। सामाजिक न्याय के योद्धा चौधरी केसरी सिंह 'गुर्जर' का विगत रात्रि 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनकी अंत्येष्टि उनके पैतृक ग्राम आखूपुर (याकूतपुर) नोएडा में हुई I इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और राजनीतिक सामाजिक नेता उपस्थित रहे।” अंतिम संस्कार में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र डाढा, पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र भाटी, राजेंद्र नागर एडवोकेट, रणवीर प्रधान, बाबू सिंह आर्य, सतपाल चौधरी, इंद्रवीर भाटी एडवोकेट, वरिष्ठ पत्रकार आरपी रघुवंशी और प्रदीप भाटी आदि उपस्थित रहे l

अन्य खबरें