गौतमबुद्ध नगर में शिक्षकों का सम्मान : अर्चना पांडेय और गजन भाटी को दिया गया एडुलीडर्स अवार्ड

Tricity Today | समारोह का आयोजन



Greater Noida News : गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा स्थित होटल जिंजर में हेमवैल्यूज और आरआर एड्यूलीडर्स यूपी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कई शिक्षकों को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सर्वेश मिश्र ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश पीडब्ल्यूडी के राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह रहे, जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री अभिनेता मनोज जोशी उपस्थित थे। कार्यक्रम में पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मवीर सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार ने भी भाग लिया।

17 अन्य शिक्षकों को कर्मयोगी पुरस्कार
समारोह में जिले के सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों को 'एडुलीडर्स अवार्ड' से सम्मानित किया गया। गौतमबुद्ध नगर से अर्चना पांडे को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुआ। इसके अलावा, गजन भाटी को उनके द्वारा प्राथमिक विद्यालय मथुरापुर के कायाकल्प के लिए विशेष रूप से सराहा गया और 'कर्मयोगी पुरस्कार' से सम्मानित किया गया।  कार्यक्रम में जनपद के 17 अन्य शिक्षकों को भी कर्मयोगी पुरस्कार से नवाजा गया, जिनमें गीता यादव, स्वेता सोमवंशी, ममता शर्मा, रश्मि त्रिपाठी, मृदुला शुक्ला, महेश कुमार, जगवीर शर्मा, मनीषा मथुरिया, शांति पांडे, आरती कुलश्रेष्ठ, पम्मी मलिक, कंचन बाला, रितु रतन, राखी त्यागी, ममता अवस्थी, करुणा अग्रवाल और रूशी गुप्ता शामिल हैं।

पद्मश्री मनोज जोशी का स्वागत
इस मौके पर अति विशिष्ट अतिथि पद्मश्री मनोज जोशी का स्वागत मण्डल अध्यक्ष मेघराज भाटी, जिला अध्यक्ष प्रवीण शर्मा और जिला मंत्री गजन भाटी ने किया। कार्यक्रम में गौतमबुद्ध नगर के विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसमें प्राथमिक विद्यालय गजरौला नवादा, कंपोजिट विद्यालय मोरना, कंपोजिट विद्यालय जॉन समाना, कंपोजिट विद्यालय निठारी और प्राथमिक विद्यालय तिबड़ा 2 के विद्यार्थियों की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रही।
 

अन्य खबरें