ग्रेटर नोएडा में मौत की दस्तक! रन्हेरा गांव में जहरीले जीव के काटने से महिला ने तोड़ा दम, डर के साए में जी रहे लोग

Tricity Today | रन्हेरा गांव में जलभराव



Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में रन्हेरा गांव के लोग इन दिनों डर के साए में जिंदगी जी रहे हैं। लोगों के खेत खलिहान से लेकर घरों तक में पानी में भरा है। जिसके चलते जहरीले जीव-जन्तु अब बाहर घूमने निकल रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार को जहरीले जीव के काटने से एक महिला की भी मौत हो चुकी है। लेकिन प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। महिला की मौत के बाद से लोग डर के साए में जिंदगी जी रहे हैं। 
महिला की मौत से गांव में छाया मातम 
गांव में रहने वाले किसान बृजपाल ने बताया कि हरनारायण शर्मा परिवार के साथ रहते हैं। उनकी 35 वर्षीय पुत्रवधु कुसुम की शनिवार को जहरीले जीव ने काट लिया था। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुसुम के दो मासूम बच्चे हैं। कुसुम की मौत के बाद उसके घर के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। बृजपाल का कहना है कि महिला की मौत के बाद से पूरे गांव में मातम छा गया है। लोग अब डर के साए में जिंदगी जीने को मजबूर है। गांव के लोग शाम होते ही अपने घरों में उंचे स्थानों पर पहुंच जाते हैं। बच्चों को पानी में नहीं जाने दे रहे हैं। डर है कभी कोई जहरीला जीव काट न ले। 

जलभराव के चलते जहरीले जीव आए बाहर 
गांव के किसान सौतन सिंह, मूला दीवान जी, वीर सिंह और पिन्टू सिंह ने बताया कि गांव में जलभराव के चलते जहरीले जीव बाहर आ गए हैं। ये जीव अब लोगों को काट रहे हैं। इसी के चलते शनिवार को महिला की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि पहले जलभराव को लेकर लोग परेशान थे और जहरीले जीव को लेकर डरे हुए हैं। लोगों की जिंदगी अब मुश्किल हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रशासन, प्राधिकरण और जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगा चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है।

अन्य खबरें