ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मुठभेड़ : आखिरकार पकड़ा गया गाजियाबाद का सूरज, 20 की उम्र में बन गया था क्रिमिनल

Tricity Today | ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मुठभेड़



Greater Noida News : बिसरख थाना पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में गाजियाबाद में एक लुटेरे को गोली लगी। यह लुटेरा वैसे तो गाजियाबाद का रहने वाला है, लेकिन नोएडा में आकर लूट की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार और लूट में इस्तेमाल होने वाली अपाचे बाइक बरामद की है। 

कैसे हुई मुठभेड़
बिसरख थाना प्रभारी अरविन्द कुमार ने बताया कि कोतवाली की टीम एटीएस गोल चक्कर पर वाहनों की जांच कर रही थी। तभी एक बाइक पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने बाइक सवार लोगों को रोकने का इशारा किया, लेकिन वह तेज रफ्तार से यूटर्न लेकर जलपुरा पुस्ता की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर बाइक फिसल गई। जिसके बाद बाइक सवार दोनों व्यक्ति भागते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से अवैध हथियार से फायर करने लगे।

आरोपी की पहचान 
पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ के लिए की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश सूरज शर्मा पुत्र बृजमोहन शर्मा निवासी श्रीराम भवन सोसाइटी जनकपुरी थाना साहिबाबाद जिला गाजियाबाद उम्र 25 वर्ष को पैर में गोली लगने के कारण घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। घायल बदमाश के कब्जे से एक अवैध हथियार, एक खोखा कारतूस, दो जिन्दा कारतूस और घटना में इस्तेमाल अपाचे बाइक के साथ दो पीली धातु की चैन बरामद हुई है। 

सूरज पर 14 मुकदमे दर्ज
घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है। बदमाश का साथी अन्धेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए कांबिंग जारी है। घायल बदमाश के विरूद्ध दर्जनो अभियोग पंजीकृत है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य विस्तृत जानकारी की जा रही है। आरोपी सूरज की उम्र 25 वर्ष है। उसके ऊपर 14 मुकदमे दर्ज हैं। जांच में पता चला है कि सूरज ने पहला अपराध  20 वर्ष की आयु में 2019 में किया था।

अन्य खबरें