जेवर एयरपोर्ट से बड़ी खबर : काम जल्दी पूरा करने के लिए दोगुने कर्मचारी लगाए, सीईओ रोजाना साइट विजिट करेंगे

Tricity Today | मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुणवीर सिंह



Greater Noida News : यमुना सिटी के जेवर इलाके में बन रहे नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से जुडी बड़ी खबर है। यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुणवीर सिंह अब रोजाना निर्माण कार्य की प्रगति देखेंगे। वह रोजाना कंस्ट्रक्शन साइट पर जाएंगे। इस एशिया के दूसरे सबसे बड़े एयरपोर्ट से अक्तूबर-नवंबर में ट्रायल शुरू होंगे। पांच एयरोब्रिज बनकर तैयार हो गए हैं। दिसंबर में घरेलू उड़ान शुरू कर देंगे। मंगलवार को यह जानकारी यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुणवीर ने दी है।

स्टील की समस्या का समाधान हुआ
मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुणवीर सिंह ने बताया कि यात्रियों के लिए बनाए जा रहे पैसेंजर टर्मिनल से जुड़ी परेशानी का समाधान हो गया है। इसके लिए विशेष श्रेणी के स्टीन की जरूरत है। स्टील बेलारूस से आनी थी, जो नहीं मिल पा रही थी। अब स्टील छत्तीसगढ़ से मिल गई है।

डीजीसीए ने जरूरी मंजूरी दीं
सीईओ ने बताया कि डीजीसीए ने जरूरी मंजूरी दे दी है। नवंबर और दिसंबर में उड़ान के लिए हवाई पट्टी पर कैट थ्री रिफ्लेक्टर्स की जरूरत होगी। अभी कैट वन लगे हैं। टेस्टिंग फ्लाइट्स शुरू होने से पहले रनवे पर कैट थ्री रिफ्लेक्टर्स लगा दिए जाएंगे। निर्माण को और गति देने के लिए कर्मचारी बढ़ाकर दो गुना कर दिए हैं। अब तक 750 कर्मचारी काम कर रहे थे। अब संख्या बढ़ाकर दो गुना कर दी गई है।

रोजाना सीईओ करेंगे काम की निगरानी
यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुण वीर अब रोजाना निर्माण कार्य की प्रगति देखेंगे। वह रोजाना कंस्ट्रक्शन साइट पर जाएंगे। सीईओ ने बताया कि उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह 15 जुलाई को ग्रेटर नोएडा आएंगे। वह नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की साइट पर जाएंगे। चीफ सेक्रेटरी निर्माण कार्यों की समीक्षा करेंगे।

अन्य खबरें