गौतमबुद्ध नगर की गर्मी ने तोड़ा 6 साल का रिकॉर्ड : पारा पहुंचा 46 डिग्री सेल्सियस, कूलर और पंखे बेअसर

Tricity Today | प्रतीकात्मक फोटो



Greater Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर में लोग भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे हैं। यहां पारा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है और मौसम विभाग ने गर्मी के चलते रेड अलर्ट जारी किया है। इसी बीच सोमवार को नोएडा का न्यूनतम तापमान 34 और अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह 13 जून 2018 के रिकॉर्ड के बराबर है। सोमवार सुबह 9 बजे ही गर्मी बेहद तेज थी और पारा 44.8 डिग्री पर पहुंच गया था। सुबह 10 बजे तापमान 46 डिग्री तक चला गया। झुलसाती गर्म हवाओं के चलते बच्चों को खेलने के लिए भी बाहर नहीं निकलना पड़ रहा।

गर्मी से निपटने में मुश्किल
लोग इस भीषण गर्मी से निपटने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कूलर और पंखे बेअसर हो गए हैं। बिजली की अघोषित कटौती के कारण घरों में उमस से हालात और खराब हो गए हैं। सड़कों पर भी ट्रैफिक काफी कम रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक यही स्थिति बनी रहेगी। न्यूनतम तापमान 30-33 डिग्री और अधिकतम 45-46 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।

रेड अलर्ट जारी
भीषण गर्मी और हीटवेव की स्थिति के मद्देनजर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। 18 जून की रात अन्य दिनों से ज्यादा गर्म रहने की संभावना है। इस हीटवेव का असर 21 जून तक बना रहेगा। अभी नोएडा में मॉनसून के आगमन को लेकर भी कोई अलर्ट नहीं आया है, लेकिन बढ़ती गर्मी के कारण लोगों का बुरा हाल हो गया है। कुछ लोग तो बढ़ती गर्मी के कारण बीमार हो गए।

हर वर्ग के लोग परेशान
नोएडा शहर के निवासी इस गर्मी से राहत की उम्मीद कर रहे हैं। बच्चे और बुजुर्ग इस मौसम से खासतौर पर परेशान हैं। पानी की किल्लत और बिजली कटौती से हालात और खराब हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की हिदायत दी है। डॉक्टरों ने ऐसे समय पर धूप में सिर को सफेद कपड़े या हल्के रंग के कपड़े से कवर करने, काले रंग के कपड़े पहनने से बचने और स्ट्रीट फूड से बचने की अपील की है।

अन्य खबरें