चर्चा-ए-आम : दादरी में सीएम को बुलाने का खास मकसद, विधायक तेजपाल नागर पूरा करेंगे अपना ये मिशन

Tricity Today | योगी आदित्यनाथ, सम्राट मिहिरभोज और तेजपाल नागर



Greater Noida News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) 21 सितंबर की शाम ग्रेटर नोएडा आ जाएंगे। वह गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (Gautam Buddh University) में रात्रि प्रवास करेंगे। जिसके बाद 22 सितंबर की सुबह से उनके कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। सीएम गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में कई डेलिगेशन से मिलेंगे। फिर 10:00 बजे से 11:00 बजे इंडिया एक्सपोमार्ट सेंटर में एक खास कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद दादरी के मिहिर भोज महाविद्यालय में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण करने जाएंगे। दादरी से मुख्यमंत्री हापुड़ जिले के धौलाना कस्बे के लिए रवाना हो जाएंगे।

पश्चिम उत्तर प्रदेश में 20 विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं, जहां पिछली बार भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ा था। इस बार मुख्यमंत्री किसी भी हाल में इन हारी हुई सीटों पर कब्जा करना चाहते हैं। अब 22 सितंबर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन 20 सीटों का दौरा शुरू कर रहे हैं। इन्हीं सीटों में हापुड़ जिले की धौलाना विधानसभा सीट भी शामिल है। मुख्यमंत्री को धौलाना आना था। लिहाजा, गौतमबुद्ध नगर से जुड़े कार्यक्रम भी उसी दिन समाहित कर दिए गए। इन्हीं कार्यक्रमों में से एक दादरी के डिग्री कॉलेज में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण भी शामिल है।

वैसे तो संस्थान में सम्राट मिहिर भोज की एक प्रतिमा वर्षों से लगी हुई है। अब एक अन्य बड़ी प्रतिमा लगवाई गई है। इसके अनावरण के योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम दादरी से विधायक मास्टर तेजपाल सिंह नगर लेकर आए हैं। पिछले करीब एक-डेढ़ साल से गौतमबुद्ध नगर जिले में रह-रहकर चर्चाएं चल रही हैं। लोग कयास लगाते हैं कि दादरी विधायक मास्टर तेजपाल सिंह नगर का टिकट भारतीय जनता पार्टी काट सकती है। उनकी जगह कई और भाजपा नेता दादरी से टिकट की दावेदारी करते घूम रहे हैं। इन्हीं कयासों और दावों पर विराम लगाने के लिए तेजपाल सिंह नागर ने मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम अपने गृह कस्बे में लगवाया है। शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में विधायक तेजपाल सिंह नागर और कॉलेज प्रबंधन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान बताया गया कि इस कार्यक्रम में करीब 50,000 लोगों को बुलाया जा रहा है।

कुल मिलाकर साफ है कि विधायक तेजपाल सिंह नागर सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा का अनावरण करवाने के बहाने मुख्यमंत्री के सामने शक्ति प्रदर्शन करना चाहते हैं। मास्टर तेजपाल सिंह नागर अपने विरोधियों को संदेश देना चाहते हैं कि उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। वही आने वाले विधानसभा चुनाव में दादरी से भारतीय जनता पार्टी के प्रबल प्रत्याशी हैं। मास्टर तेजपाल सिंह नागर के आलोचक दावा करते हैं कि पिछली बार उन्हें गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा की सिफारिश पर दादरी से भाजपा ने उन्हें टिकट दिया था। तेजपाल सिंह नागर बसपा में थे। महेश शर्मा की सिफारिश पर भाजपा नेताओं को दरकिनार करके उन्हें पार्टी ने टिकट दिया था। अब डॉक्टर महेश शर्मा भाजपा में पहले की तरह मजबूत नहीं हैं। ऐसे में तेजपाल सिंह के टिकट पर भी कैंची चल सकती है।

कुल मिलाकर इस वक्त गौतमबुद्ध नगर में चर्चा-ए-आम है। दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर मूर्ति का अनावरण करने के बहाने विरोधियों की अटकलों को खारिज करना चाहते हैं। दूसरी ओर इस मूर्ति का अनावरण कार्यक्रम विवादों में घिर गया है। ठाकुर समाज के लोग सम्राट मिहिर भोज को गुर्जर सम्राट लिखने पर खफा हैं। विभिन्न संगठन मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज रहे हैं। इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की अपील कर रहे हैं। एक संगठन ने तो चेतावनी दी है कि अगर मुख्यमंत्री दादरी में मूर्ति का अनावरण करने पहुंचे तो प्रदर्शन किया जाएगा।

अन्य खबरें