Greater Noida News : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (Yamuna Authority) से बड़ी खबर है। प्राधिकरण जल्दी ही बड़ी ग्रुप हाउसिंग स्कीम लॉन्च करने वाला है। इस आवासीय योजना के तहत 20 भूखंडों का आवंटन रियल एस्टेट कंपनियों को किया जाएगा। खास बात यह है कि जिन कंपनियों को नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी ने डिफॉल्टर घोषित किया है, वह सारी कंपनियां इस स्कीम के तहत आवेदन नहीं कर पाएंगी। मंगलवार को यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुणवीर सिंह ने यह जानकारी दी है।
जेवर एयरपोर्ट से नजदीक 3 सेक्टरों में होगा आवंटन
सीईओ डॉक्टर अरुणवीर सिंह ने बताया कि ग्रुप हाउसिंग स्कीम के तहत बड़े भूखंडों का आवंटन सेक्टर-18, सेक्टर-17 और सेक्टर-22बी में किया जाएगा। सेक्टर-18 में छह भूखंडों का आवंटन किया जाएगा। सेक्टर-17 में 5 भूखंडों का आवंटन होगा और सेक्टर-22बी में नौ ग्रुप हाउसिंग प्लॉट का आवंटन किया जाएगा। डॉक्टर अरुणवीर सिंह ने आगे बताया कि इन भूखंडों का क्षेत्रफल 16,188 वर्ग मीटर 20,235 वर्ग मीटर है।
भूखंडों का आवंटन नीलामी के जरिए होगा
अरुणवीर सिंह ने बताया कि हाउसिंग स्कीम के लिए जल्द ही ब्रोशर ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। पूरी जानकारी यमुना प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई जाएगी। इन भूखंडों का आवंटन नीलामी के जरिए होगा। किसी भी भूखंड के लिए कम से कम 2 कंपनियों के आवेदन मिलना जरूरी है। जिन भूखंडों पर न्यूनतम आवेदक नहीं मिलेंगे, उनकी नीलामी नहीं की जाएगी। प्राधिकरण की ओर से न्यूनतम आवंटन दर निर्धारित की जाएगी। कंपनी को उसके ऊपर बोली लगानी होगी। सबसे बड़ी बोली लगाने वाली कंपनी को भूखण्डों का आवंटन किया जाएगा।
यमुना सिटी को 2,000 करोड़ रुपये का निवेश मिलेगा
आपको बता दें कि इसी महीने की शुरुआत में यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी ने एक ग्रुप हाउसिंग स्कीम लॉन्च की थी। जिससे प्राधिकरण को बड़ा लाभ मिला है। अब यह दूसरी बड़ी ग्रुप हाउसिंग स्कीम प्राधिकरण लॉन्च करने जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, इन भूखंडों पर बनने वाली ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी में करीब 20 हजार फ़्लैट बनाए जाएंगे। जिससे यमुना सिटी में आवासीय सुविधाएं तेज़ी से विकसित होंगी। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में करीब 2,000 करोड़ रुपये का निवेश मिलेगा।