अच्छी खबर : यमुना प्राधिकरण इस मानसून में लगाएगा डेढ़ लाख पौधे, जेवर भी होगा हरा-भरा

Tricity Today | यमुना प्राधिकरण ने पत्रकारों के साथ लगाए पौधे (File Photo)



Greater Noida News : यमुना प्राधिकरण ने इस वर्ष वृक्षारोपण के लिए महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। पिछले वर्ष 1.10 लाख वृक्ष लगाने का लक्ष्य था, जिसमें से 83% पौधे लगाए जा चुके हैं। इस वर्ष प्राधिकरण ने डेढ़ लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी स्थानों की पहचान कर ली गई है और योजना को तेजी से क्रियान्वित किया जा रहा है।

पिछली बार का लक्ष्य होगा पूरा
यमुना विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ.अरुणवीर सिंह ने बताया कि जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह भी इस पहल में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे अपने रबूपुरा क्षेत्र में 30 हजार पौधे लगाएंगे। इस योजना का उद्देश्य पर्यावरण को संरक्षित करना और क्षेत्र में हरियाली बढ़ाना है। पिछले वर्ष के वृक्षारोपण अभियान में 1.10 लाख पौधों का लक्ष्य था, जिसमें से 83% पौधे सफलतापूर्वक लगाए गए थे। शेष 17% पौधे जो कि पिछले वर्ष नहीं लगाए जा सके थे, उन्हें इस वर्ष के लक्ष्य के साथ पूरा किया जाएगा। 

वायु गुणवत्ता बेहतर होगी
सीईओ ने आगे बताया कि यमुना प्राधिकरण के इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य का उद्देश्य न केवल पर्यावरण को संरक्षण प्रदान करना है, बल्कि क्षेत्र में वायु गुणवत्ता को भी बेहतर बनाना है। इस योजना के अंतर्गत अलग-अलग स्थानों पर वृक्षारोपण किया जाएगा। जिससे हरियाली में वृद्धि हो सके और स्थानीय समुदाय को एक स्वस्थ और स्वच्छ पर्यावरण मिल सके।

पर्यावरण को होगा फायदा
यमुना प्राधिकरण के सीईओ ने कहा कि वृक्षारोपण के इस अभियान में स्थानीय समुदाय, सरकारी संस्थान और गैर-सरकारी संगठन भी सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं। इस पहल से न केवल पर्यावरण को फायदा होगा बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक बेहतर और स्वस्थ वातावरण प्रदान किया जा सकेगा। यमुना प्राधिकरण के इस प्रयास से क्षेत्र में न केवल हरियाली बढ़ेगी बल्कि पर्यावरणीय संतुलन भी बेहतर होगा। इस तरह के कार्यक्रमों से समाज में जागरूकता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित होगी।

अन्य खबरें