हरियाणा विधानसभा चुनाव : भाजपा नेता ने दो बसों को रोककर लगाया फर्जी वोटर का आरोप, सोशल मीडिया पर जारी किया वीडियो

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो



Gurugram News : हरियाणा के गुरुग्राम जिले की बादशाहपुर विधानसभा में मतदान के दौरान शनिवार को भाजपा नेता जवाहर यादव ने दो बसों को रोका। उन्होंने आरोप लगाया कि बसों में सवारियां दिल्ली से आई थीं और ये लोग फर्जी वोट डालने के लिए यहां पहुंचे हैं। यादव ने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर साझा की। जहां उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। वीडियो में बस में बैठे कुछ लोग अपने चेहरों को छुपाते हुए नजर आ रहे हैं।

बसों में बैठे लोग पर स्थानीय नहीं होने का लगाया आरोप
जवाहर यादव ने वीडियो में यह स्पष्ट किया कि बसों में बैठे लोग स्थानीय नहीं हैं और उनका वोट गुरुग्राम की बादशाहपुर विधानसभा में नहीं है। एक महिला ने वीडियो में कहा कि वे वोट डालने नहीं आई हैं, जबकि एक युवक ने दावा किया कि उनकी चुनावी ड्यूटी है। इस घटना ने मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। वहीं प्रशासनिक स्तर पर इस पर कोई प्रतिक्रिया अब तक सामने नहीं आई है। भाजपा नेता के इस आरोप ने चुनावी माहौल में हलचल पैदा कर दी है।

जवाहर यादव भाजपा के सीनियर नेता
जवाहर यादव भाजपा के सीनियर नेता हैं। वे पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर के करीबी सहयोगियों में से एक रहे हैं और उनके ओएसडी रह चुके हैं। इस विवाद ने चुनावी प्रक्रिया पर एक नया मोड़ दिया है और मतदाताओं में संदेह पैदा कर दिया है। अब देखना यह है कि चुनाव आयोग इस मामले में क्या कदम उठाता है। 

अन्य खबरें