हरियाणा विधानसभा चुनाव : कुरुक्षेत्र में कांग्रेस पर बरसे सीएम योगी, माफिया के साथ मिलीभगत के लगाए आरोप

Google Image | Symbolic Image



Gurugram News : हरियाणा चुनाव 2024 के अंतिम दिन सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुरुक्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला किया और आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस का हाथ हमेशा माफिया के साथ होता है। जिसमें ड्रग माफिया, भू माफिया, पशु माफिया, खनन माफिया और दंगाई शामिल हैं। योगी ने उत्तर प्रदेश में अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने साढ़े सात साल में एक भी दंगा नहीं होने दिया। कुरुक्षेत्र को महाभारत के युद्ध क्षेत्र के रूप में पेश करते हुए उन्होंने कहा कि यह भूमि सत्य, धर्म और न्याय का प्रतीक है।

हरियाणा हरि की भूमि 
सीएम योगी ने कांग्रेस के पिछले 60-65 साल के शासनकाल की तुलना में भाजपा की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने राम लला को विराजमान कराया, जो कांग्रेस के लिए संभव नहीं था। जम्मू में धारा 370 के हटने को भी भाजपा की उपलब्धी बताई। योगी ने कहा कि नशे के कारोबरियों और माफियाओं का उन्मूलन ही भगवान हरि का संदेश है। उन्होंने कहा कि हरियाणा हरि की भूमि है। इसलिए यहां का नाम हरियाणा पड़ा। यह धरती हमेशा अच्छाई का समर्थन करती है।

भाजपा में ही महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान 
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में साढ़े सात साल में एक भी दंगा नहीं होने दिया। इससे पहले महीनों दंगे चलते थे और कर्फ्यू रहता था। इस दौरान उन्होने हरियाणा की महिला सुरक्षा पर बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के शासन में बेटियों की सुरक्षा नहीं थी। उन्होंने मिर्जापुर की घटना का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा ही महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा कर सकती है। योगी ने कांवड़ यात्रा के संबंध में कहा कि उन्होंने कहा कि कैथल और कलायत से हजारों की संख्या में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा पर उत्तर प्रदेश आते हैं। 2017 से पहले श्रद्धालुओं को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता था, लेकिन उनकी सरकार ने कावंडियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाईं।

कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया था कि यदि वे फिर से सत्ता में आए तो संविधान को समाप्त कर देंगे और आरक्षण खत्म कर देंगे। लेकिन अब ये सभी बातें केवल झूठ साबित हुईं। योगी ने कहा कि वे मैदान छोड़कर भाग गए हैं और जनता के बीच अपनी विफलताओं का सामना नहीं कर रहे हैं। 

कुरुक्षेत्र सांसद ने अपनी जीत का श्रेय योगी को दिया 
कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि हरियाणा के लोग यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अधिक प्यार करते हैं। उनकी इस बात पर सभा में मौजूद लोगों ने "योगी-योगी" के नारे लगाते हुए उत्साह व्यक्त किया। जिंदल ने यह भी बताया कि चार महीने पहले जब योगी ने लोकसभा चुनाव में उनके लिए प्रचार किया था। उन्होने अपनी जीत का श्रेय मुख्यमंत्री योगी को दिया। इस बात ने हरियाणा के आम लोगों को बेहद खुश और उत्साहित कर दिया।  

अन्य खबरें