Gurugram News : गुरुग्राम में कोहरे से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस और सड़क सुरक्षा संगठन (आरएसओ) ने घाटा टी-प्वाइंट पर रिफ्लेक्टिव गुरुग्राम अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य कोहरे के दौरान सड़क सुरक्षा को बढ़ाना था। इसके तहत दुपहिया वाहन चालकों के हेलमेट और वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए, ताकि उनकी दृश्यता बढ़ सके। अभियान में सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मुख्यालय विकास कुमार और अन्य अधिकारी शामिल हुए।
वाहनों पर लगाए गए रिफ्लेक्टर टेप
घाटा टी-प्वाइंट पर आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कोहरे के दौरान दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना था। इसमें साइकिल, रिक्शा, ऑटो-रिक्शा और ट्रैक्टर ट्रॉली जैसे धीमी गति से चलने वाले वाहनों पर भी रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए। यह विशेष रूप से कोहरे के मौसम में दृश्यता को बेहतर बनाता है और सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम को घटाता है। यह अभियान एक व्यस्त परिवहन केंद्र पर केंद्रित था। जहां इन वाहनों की संख्या अधिक रहती है।
सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए चला अभियान
इस अभियान के दौरान करीब 250 वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए। यह कदम गुरुग्राम में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उठाया गया था, खासकर सर्दी के मौसम में जब कोहरे के कारण दृश्यता कम होती है। आरएसओ और ट्रैफिक पुलिस की टीम ने इस अभियान को सफलता पूर्वक चलाया। जिससे सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिल सके। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क पर चलने वाले सभी प्रकार के वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था।