Gurugram News : जिला परिषद स्वतंत्रता सेनानी सभागार में 9 दिसंबर से तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव शुरू हो गया है। महोत्सव में विभिन्न सरकारी विभागों और सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं द्वारा प्रदर्शनी लगाई जा रही है। महोत्सव का शुभारंभ कल सुबह 10 बजे किया गया। साथ ही शीतला माता मंदिर श्राइन बोर्ड की ओर से गीता यज्ञ का आयोजन भी किया। यह महोत्सव गीता के महत्व को लेकर ज्ञानवर्धन करने का एक अहम अवसर होगा।
महोत्सव में कल होगा एक सेमिनार का आयोजन
10 दिसंबर यानि आज गीता महोत्सव में एक सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जिले के विद्वान जन गीता पर आधारित व्याख्यान देंगे। महोत्सव के आखिरी दिन 11 दिसंबर को दोपहर 12 बजे शीतला माता मंदिर गुरुकुल के विद्यार्थी अष्टादश गीता श्लोकों का पाठ करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। जिसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी भाग लेंगे। 3 बजे गीता की नगर शोभा यात्रा निकाली जाएगी और शाम को दीपोत्सव के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भेंट कर किया जाएगा सम्मानित
इस तीन दिवसीय महोत्सव में सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। शिक्षा विभाग ने इस कार्यक्रम को सहयोग प्रदान किया है। इसके अलावा लोक कलाकारों को नगाड़ा वादन, हरियाणवी लोक नृत्य और बीन, तूंबा बजाने के लिए आमंत्रित किया गया है। महोत्सव में प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और संस्थाओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। यह महोत्सव गीता के संदेश को फैलाने और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।