Gurugram : नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार संभाली हरियाणा की कमान, जानिए क्या है यूपी से नाता 

Google Image | नायब सिंह सैनी



Gurugram News : भाजपा के नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। एग्जिट पोलों में कांग्रेस को इस चुनाव में मजबूत बढ़त मिलती दिखाई दे रही थी, लेकिन नायब सिंह सैनी की नेतृत्व क्षमता ने भाजपा को एक बार फिर सत्ता में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नायब सिंह सैनी का जन्म हरियाणा में हुआ, लेकिन उनकी शिक्षा उत्तर प्रदेश और बिहार में हुई। उनके राजनीतिक करियर ने उन्हें हरियाणा में भाजपा का प्रमुख चेहरा बना दिया है। उनकी मेहनत और राजनीतिक दृष्टिकोण ने उन्हें सत्ताधारी पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण नेता के रूप में स्थापित किया। 

अंबाला के मिर्जापुर मजरा गांव के रहने वाले हैं नायब सिंह सैनी
नायब सिंह सैनी के पिता का नाम तेलुराम सिंह है। उनकी मां कुलवंत कौर पंजाब की रहने वाली थीं। नायब मूल रूप से मिर्जापुर मजरा गांव के निवासी हैं। यह अंबाला जिले के नारायणगढ़ में पड़ता है। उनका जन्म 25 जनवरी 1970 को हुआ था। नायब सिंह सैनी ने स्नातक की पढ़ाई के लिए बिहार का रुख किया। उन्होंने मुजफ्फरपुर के बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन की पढ़ाई की।

मेरठ की चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी में लिया दाखिला 
इसके बाद नायब सिंह का रुझान वकालत की तरफ हुआ। इसके लिए वह मेरठ आ गए और यहां की चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया। चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से उन्होंने एलएलबी की डिग्री हासिल की। वकालत की पढ़ाई के दौरान ही नायब का मन राजनीति में बढ़ने लगा और उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की।

मार्च 2024 में भाजपा ने बताया हरियाणा का मुख्यमंत्री
धीरे-धीरे उन्होंने भाजपा के संगठनात्मक कामों में सक्रियता बढ़ा दी और वह संघ से जुड़ गए। यहीं नायब सिंह सैनी की मुलाकात मनोहर लाल खट्टर से हुई। 2014 में पार्टी ने उन्हें नारायणगढ़ से विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया और वह जीत भी गए। 2019 में उन्हें कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया, जिसमें जीतकर वह सांसद चुने गए। अक्टूबर 2023 में भाजपा ने उन्हें पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया। मार्च 2024 में उन्हें हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाया गया।

अन्य खबरें