Saras Mela 2024 : संस्कृति और स्वाद का अद्भुत संगम है सरस मेला, लोगों को खासा आकर्षित कर रहे विशेष व्यंजन

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो



Gurugram News : गुरुग्राम में आयोजित हो रहे सरस मेले में 31 राज्यों के 50 स्टॉलों में स्थानीय और विशेष व्यंजनों की बहार लगी है, जो लोगों को खासा आकर्षित कर रही है। यहां स्वाद के संगम का अनोखा अनुभव हो रहा है। महाराष्ट्र के स्टॉल पर उल्टा वड़ापाव खाने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। यह विशेष व्यंजन मांडा मिट्टी के घड़े में भट्ठी पर बनाया जाता है। इसके अलावा पूरन पोली, कोथिम्बीर वड़ी, बड़ा पाव, मिस्सल पाव, भारित भाखरी और बैंगन का भर्ता जैसे व्यंजन भी यहां लोगों की पसंद बन रहे हैं। यह स्टॉल अपने अनोखे स्वाद और खासियत के लिए चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

उत्तराखंड के स्टॉल पर रागी के मोमोज, तंदूरी चाप और स्प्रिंग रोल की धूम
उत्तराखंड के स्टॉल पर परोसा जा रहा पहाड़ी व्यंजन हर उम्र के लोगों को भा रहे हैं। यहां पहाड़ की नूडल्स आईस्क्रीम सबसे लोकप्रिय व्यंजन बन गई है। साथ ही जंगोर की खीर का स्वाद चखने के लिए बड़ी संख्या में लोग आकर्षित हो रहे हैं। स्टॉल पर रागी के मोमोज, तंदूरी चाप और स्प्रिंग रोल भी युवाओं के बीच काफी पसंद किए जा रहे हैं। ये सभी व्यंजन मेले की रौनक को और बढ़ा रहे हैं, जिससे लोग परिवार और दोस्तों के साथ यहां आनंद लेने आ रहे हैं।

रामलला, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां आकर्षण का केंद्र
वहीं ओडिशा के स्टॉल पर रुमाली रोटी बनाने का तरीका देखने के लिए लोग उत्सुकता से इकट्ठा हो रहे हैं। यहां काकरा, मोंडा और रुमाली वेज रोल जैसे लजीज व्यंजन भी चखने के लिए मिल रहे हैं। इसके अलावा लिट्टी चोखा, पाव भाजी, डोसा और इडली जैसे प्रसिद्ध भारतीय व्यंजनों के लिए भी लोग परिवार और दोस्तों के साथ पहुंच रहे हैं। मेले में लकड़ी के रामलला, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, सजावट का सामान, गहने और डिजाइनदार दीये भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। गुजराती के स्टॉल मनकों से बने सुंदर सामानों के लिए खासा पसंद किया जा रहा है, जैसे कि बंदनवार और पूजा की थालियां। यह मेला संस्कृति और स्वाद का अद्भुत संगम है।

अन्य खबरें