Old Gurgaon Metro : अर्जुन का धनुष और भीम की गदा जैसे आकर्षक और सांस्कृतिक रूप के डिजाइन से सजाएं जाएंगे मेट्रो स्टेशन

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो



Gurugram News : ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना में 27 मेट्रो स्टेशनों को गुरु द्रोणाचार्य और उनके शिष्यों के शस्त्रों की थीम पर विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि गुरुग्राम मेट्रो एनसीआर के अन्य शहरों से अलग और मिलेनियम सिटी के अनुरूप हो। यह विचार डिटेल डिजाइन कंसलटेंट (डीडीसी) की रिपोर्ट पर आधारित होगा। अधिकारियों का मानना है कि ऐतिहासिक संदर्भों का उपयोग करके मेट्रो स्टेशनों को एक अद्वितीय पहचान दी जा सकती है। इस तरह की थीम के जरिए न केवल स्टेशन को सजाया जाएगा, बल्कि यह स्थानीय संस्कृति और इतिहास को भी दर्शाएगा।

फ्रांस की कंपनी को डिटेल डिजाइन कंसलटेंट के रूप में चुना
मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से साइबर सिटी मेट्रो लाइन के लिए फ्रांस की एक कंपनी को डिटेल डिजाइन कंसलटेंट के रूप में चुना गया है। सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं, और माना जा रहा है कि इस सप्ताह कंपनी को डिजाइन का काम सौंपा जाएगा। इस प्रक्रिया में, कंपनी को 27 स्टेशनों की डिजाइन तैयार करनी है, जिसमें सर्वे कर जमीन की उपलब्धता के आधार पर डिजाइन तैयार की जाएगी। भाजपा नेताओं का सुझाव है कि जैसे काशी में स्टेडियम भगवान शंकर के डमरू की थीम पर बनाया जा रहा है, उसी तरह गुरुग्राम मेट्रो में भी थीम अपनाई जा सकती है।

आकर्षक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध हो सकते हैं मेट्रो स्टेशन
डिटेल डिजाइन सलाहकार (डीडीसी) का कार्य 27 स्टेशनों वाले एलिवेटेड सेक्शन (28.5 किमी) के सिविल आर्किटेक्चरल और ईएंडएम कार्यों को करना होगा। इसमें सभी स्टेशनों का लेआउट प्लान, फुट ओवर ब्रिज, कलवर्ट आदि का डिजाइन भी शामिल रहेगा। वर्तमान में डीडीसी ने अभी तक कार्य शुरू नहीं किया है, लेकिन यदि ये थीम लागू की जाती है, तो मेट्रो स्टेशन विशेष रूप से आकर्षक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध हो सकते हैं। इस परियोजना के तहत, अर्जुन का धनुष और भीम का गदा जैसी विशेषताओं का समावेश भी किया जा सकता है। जिससे यात्रियों को एक अनोखा अनुभव मिलेगा।

यहां बनेंगे मेट्रो स्टेशन
मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन से आगे मेट्रो का विस्तार योजना में कई महत्वपूर्ण सेक्टर शामिल हैं। इस विस्तार में सेक्टर-45, साइबर पार्क, सेक्टर-47, सुभाष चौक और सेक्टर-48 जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा सेक्टर-72 ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज-6, और सेक्टर-10 तक मेट्रो सेवा का विस्तार किया जाएगा। इस योजना में बसई गांव, सेक्टर-9, 7, 4, और 5 भी शामिल हैं। जिससे यह क्षेत्र और अधिक कनेक्टेड हो जाएगा। अशोक विहार, सेक्टर-3, बजघेड़ा रोड, और पालम विहार एक्सटेंशन जैसे स्थान भी इस नेटवर्क का हिस्सा बनेंगे। यह मेट्रो सेवा द्वारका एक्सप्रेसवे (सेक्टर 101) तक पहुंचेगी। इस विस्तार से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और गुरुग्राम का विकास और भी तेज होगा।

अन्य खबरें