नोएडा में किसानों ने सरकार की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ किया, शहर में दिन निकलते ही ट्रैफिक जाम

नोएडा | 3 साल पहले | Harish Rai

Tricity Today | नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर केंद्र सरकार की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ करते हुए किसान



दिल्ली जाने पर अड़े किसानों का हंगामा नोएडा शहर में बरकरार है। नोएडा-दिल्ली की तमाम सीमाओं पर किसान 5 दिनों से डेरा डालकर बैठे हुए हैं। अब शुक्रवार की सुबह नोएडा में किसानों ने केंद्र सरकार की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ किया है। यज्ञ और हवन का आयोजन दलित प्रेरणा स्थल में किया गया। जिसमें सैकड़ों किसान शामिल हुए। किसानों का कहना है कि जब तक केंद्र सरकार उन्हें दिल्ली में घुसने की इजाजत नहीं देगी और किसान विरोधी कानूनों को वापस नहीं लेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। दूसरी ओर शहर में दिन निकलते ही ट्रैफिक जाम लग रहा है। प्रतिदिन घर दफ्तर के बीच आवागमन करने में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

भारतीय किसान यूनियन (भानु) के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी 5 दिनों से नोएडा में जमे हुए हैं। इसके अलावा अलीगढ़, आगरा, हाथरस, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद से भी बड़ी संख्या में विभिन्न किसान संगठनों के कार्यकर्ता नोएडा में हैं। किसानों ने चिल्ला बॉर्डर, दलित प्रेरणा स्थल और महामाया फ्लाईओवर के पास डेरा डाल रखा है। किसानों का धरना लगातार चल रहा है। किसानों की मांग है कि उन्हें दिल्ली में प्रवेश करने दिया जाए। वह लोग जंतर-मंतर पर जाकर धरना देना चाहते हैं। किसानों की मांग है कि केंद्र सरकार तीनों कृषि कानून वापस ले। न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर अपनी स्थिति साफ करे। जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाएंगी, वह लोग दिल्ली की सीमा पर डटे रहेंगे। दूसरी ओर अब तक केंद्र सरकार किसानों से दो दौर की बातचीत कर चुकी है। जिसका कोई हल नहीं निकल पाया है।

इन हालात के चलते शहर के लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की निवासी और "विमेन ऑन व्हील्स" की अध्यक्ष विजेता पांडेय को रोजाना दिल्ली ऑफिस जाना पड़ता है। उनका कहना है, "पिछले 5 दिनों से सुबह कार्यालय जाना और शाम को घर वापस लौट कर आना बड़ी परेशानी बन गया है। दिल्ली के सारे रास्तों पर किसानों ने धरना दे रखा है। जिसकी वजह से डीएनडी और महामाया फ्लाईओवर पर लंबा ट्रैफिक जाम लगता है। कनॉट पैलेस से ग्रेटर नोएडा वेस्ट पहुंचने में तीन-तीन घंटे लग रहे हैं।" नोएडा के सेक्टर-34 में रहने वाले प्रणय शर्मा दिल्ली के केजी मार्ग पर बैंककर्मी हैं। प्रणय कहते हैं, "पिछले पांच दिनों से जीवन बहुत खराब हो गया है। घर से ऑफिस के लिए दो घण्टे पहले निकलना पड़ता है। डीएनडी पर फंस जाते हैं। नोएडा गेट पर भी वही हाल है। अगर ऑफिस से शाम पांच-छह बजे निकलते हैं तो घर रात को 10 बजे पहुंच रहे हैं। सामान्य दिनों में घर से 9:00 बजे निकलते थे अब 8:00 बजे निकलना पड़ रहा है। रोजाना सुबह-शाम 4 घंटे सड़क पर ही बीत रहे हैं।"

अन्य खबरें