नोएडा में भीषण सड़क हादसा : बस और पिकअप की हुई टक्कर, युवक का पैर कटकर हुआ अलग

नोएडा | 19 घंटा पहले | Junaid Akhtar

Google Image | Symbolic Image



Noida News : नोएडा के थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में तेज रफ्तार रोडवेज बस और पिकअप की टक्कर से एक युवक गंभीर से घायल हो गया। घटना में युवक का पैर बुरी तरह जख्मी हो गया। लोगों ने घायल को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान युवक का पैर काटकर अलग कर दिया गया। इस मामले में युवक की पत्नी ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।  

चालक की गलती से हो गया अपाहिज
पुलिस को दी शिकायत में असम निवासी आलिया बेगम ने बताया कि उनके पति ममरेज अली उर्फ मुमरेश कुछ दिन पहले अशोक ली एंड कंपनी की लोडर पिकअप में सह चालक हैं। वह पिछले दिनों पिकअप में प्लास्टिक का सामान लादकर कासना से दिल्ली के नांगलोई जा रहे थे। इस बीच थाना क्षेत्र के गोल चक्कर के पास पहुंचे तो चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाना शुरू कर दिया। नतीजतन पिकअप आगे चल रही रोडवेज बस से जा टकराई। 

आरोपी चालक पीड़ित को छोड़कर भागा 
हादसे के बाद आरोपी पिकअप चालक महिला के पति ममरेज अली उर्फ मुमरेश को वाहन में फंसा छोड़कर भाग गया। राहगीरों और पुलिस ने किसी तरह घायल को पिकअप केबिन से बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। 

शरीर के अन्य हिस्सों में भी आई चोटें
गंभीर हालत के चलते ममरेज को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों को उसका पैर काटना पड़ा। घायल के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घायल की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अन्य खबरें