करवाचौथ का पर्व धूमधाम से मना : गौतमबुद्ध नगर में सुहागिनों ने चांद के बाद पति का किया दीदार, लंबी उम्र  की कामना की

नोएडा | 19 घंटा पहले | Junaid Akhtar

Google Image | Symbolic Image



Noida News : गौतमबुद्ध नगर में रविवार को करवाचौथ का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुहागिनों ने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा और सुहाग की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान पतियों ने भी अपनी पत्नियों को आशीर्वाद दिया और व्रत खुलने के बाद उन्हें घुमाने के लिए बाहर निकल गए। 

महिलाओं में व्रत को लेकर दिखा उत्साह 
मेहंदी लगाने वालों की दुकानों पर काफी भीड़ रही। महिलाओं ने एकत्रित होकर थाली बदलने की रस्म निभाई। सुुंदर परिधानों में सजी महिलाओं में व्रत को लेकर काफी उत्साह रहा। महिलाओं ने पूजा अर्चना कर पति की लंबी उम्र की कामना की। करवाचौथ व्रत पर कई जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिलाओं ने इसके लिए खूब खरीदारी भी की। 

माता के भजनों पर भी खूब थिरकीं
सुहागिनों ने अपने-अपने सुहाग की लंबी उम्र के लिए आशीर्वाद लिया और पंडाल में चल रहे जागरण में माता के भजनों पर भी खूब थिरकीं। रविवार को लाखों महिलाओं ने मंदिर में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। मंदिरों में  बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाओं ने माता के दर्शन किए और मां का आशीर्वाद लिया। अपने पति की लंबी उम्र और घर में सुख-शांति और अविवाहित कन्याओं ने माता से अच्छे वर की कामना की। 

पति ने कराया अन्न-जल ग्रहण 
निर्जला होने पर भी महिलाओं के जोश में कोई कमी नहीं आई। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टरों और देहात क्षेत्रों में करवाचौथ की धूम रही।  महिलाओं ने चांद का दीदार किया। इस दौरान महिलाओं के पतियों ने उन्हें  अन्न-जल ग्रहण कराया।

जेल में 18 जोड़ों ने बनाया करवाचौथ 
ग्रेटर नोएडा में स्थित गौतमबुद्ध नगर जिला कारागार (लुक्सर जेल) में कैदियों ने करवा चौथ का त्यौहार मनाया। जेल सुपरिटेंडेंट अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि जेल में बंद 18 महिलाओं ने व्रत किया है। सभी महिला अपराधियों को उनके पति से मुलाकात कराई गई। सभी ने चांद के दीदार अपने पति के हाथ अन्न और जल ग्रहण किया। इस दौरान उनकी पूजा के लिए खास इंतजाम किए गए। साथ ही खानपान का भी विशेष ध्यान रखा गया था।

अन्य खबरें