इटावा से अखिलेश का भाजपा पर करारा वार : सपा के काम गिना रही योगी सरकार, 2024 में जीते तो 2027 में होगा यूपी पर भी कब्जा

Tricity Today | अखिलेश यादव ने



Etawah News : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि साल-2024 में हर हाल में आईएनडीआईए यानि इंडिया गठबंधन भाजपा को हराएगा। उन्होंने कहा कि अगर साल-2024 में इंडिया गठबंधन की जीत हुई तो फिर उत्तर प्रदेश में साल-2027 में भाजपा की सरकार चली जाएगी। सैफई में मंगलवार को आयोजित पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक साइकिल यात्रा के समापन अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। यह यात्रा करहल के मैनपुरी से चलकर सैफई पहुंची थी।

क्या बोले अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में जब पदयात्रा की शुरुआत की गई थी। उस समय संविधान बचाओ यात्रा नाम दिया गया था। उसके बाद इसे साइकिल यात्रा का नाम दे दिया गया। यात्रा ने 208 दिनों में 40 जिलों का भ्रमण कर 8,500 किमी का सफर 202 विधानसभा में किया है। अखिलेश ने कहा कि यूपी की भाजपा सरकार का कोई काम धरातल पर नहीं दिख रहा है। बिजली की एक यूनिट योगी सरकार नहीं लगा पाई। अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार भाजपा है। उनका कोई काम नहीं है। वे सिर्फ सपा के काम गिना रहे हैं।

लोकतंत्र, संविधान और कानून को नहीं मानती है सरकार 
सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आज इंटरनेट मीडिया पर सरकार की झूठी बातें फैलाई जा रहीं हैं। पिछले 10 साल में एक भी काम नहीं किया गया। इस सरकार में किसान के साथ साथ नौजवान और सभी वर्ग के लोगों ने बहुत परेशानियां झेली हैं। यह सरकार लोकतंत्र, संविधान और कानून को नहीं मानती है, इसको हटाना है। नेताजी मुलायम सिंह यादव की सरकार में हर दल के नेता का सम्मान था। उनके पास किसी भी दल का नेता पहुंचता था तो उसका काम रुकता नहीं था। इस सरकार में सब कुछ अधिकारियों के हवाले है। किसी का कोई सम्मान नहीं है। युवा यहां से संकल्प लेकर जाएं कि इस सरकार को हटाना है।

सांसद डिंपल भी रहीं मौजूद
इस अवसर पर सांसद डिंपल यादव, पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव, एमएलसी मुकुल यादव आदि भी मौजूद रहे।

अन्य खबरें