नेपाल में भीषण हादसा : उत्तर प्रदेश की यात्री बस नदी में गिरी, 14 की मौत, बचाव कार्य जारी

Google Photo | नेपाल में भीषण हादसा



Uttar Pradesh News : नेपाल में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। उत्तर प्रदेश से संबंधित एक भारतीय यात्री बस मार्स्यांगडी नदी में गिर गई। हादसे के वक्त बस में 40 यात्री सवार थे। यह बस गोरखपुर से यात्रियों को लेकर नेपाल गई थी और पोखरा से काठमांडू जा रही थी। हादसे में 14 यात्रियों की मृत्यु की पुष्टि हुई है, जबकि बचाव कार्य तेजी से जारी है।

कैसे, कब और कहां हुआ हादसा
यह हादसा तनहुन जिले के अबुखैरेनी के पास स्थित ऐन पहरा के निकट हुआ, जहां बस अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने घटना की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की। तनहुन के एसपी बीरेंद्र शाही ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सेना और सशस्त्र बलों को भी सूचित कर दिया गया है। 

हादसे के बाद मची चीख-पुकार
घटना स्थल पर पुलिस निरीक्षक अबू खैरेनी के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। बस के नदी में गिरने के बाद वहां फंसे यात्रियों को बचाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं और दुर्घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई है।

अब तक 14 लोगों की मौत
अब तक 14 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है, जबकि अन्य घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, लेकिन शुरुआती जांच में बस चालक द्वारा नियंत्रण खो देने की आशंका जताई जा रही है।

फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास

इस दुखद हादसे ने उत्तर प्रदेश और नेपाल दोनों ही जगहों पर कोहराम मचा दिया है। मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे की खबर से दोनों देशों में गहरा सदमा है। नेपाल और भारत की सरकारें मिलकर इस हादसे की जांच कर रही हैं और हरसंभव मदद पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं। अभी तक बचाव कार्य जारी है और नदी में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस हादसे ने नेपाल की सड़कों पर यात्रा की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अन्य खबरें