सांसद बनने के बाद अतुल गर्ग ने विधायक पद से दिया इस्तीफा : गाजियाबाद की विधानसभा सीट पर होगा उपचुनाव, सभी दल तैयारियों में जुटे 

Tricity Today | गाजियाबाद लोकसभा सीट से सांसदअतुल गर्ग



Ghaziabad News : गाजियाबाद लोकसभा सीट से सांसद बनने के बाद अतुल गर्ग ने शहरी विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया है। अब इस पर उपचुनाव होंगे। इसे लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार इस सीट पर कड़ी टक्कर होगी। बताया जा रहा है कि सपा-कांग्रेस उपचुनाव भी गठबंधन में लड़ेगी।


भाजपा से संजीव और अशोक मोंगा के नाम की चर्चा 
उपचुनाव को लेकर भाजपा के नेताओं ने भी टिकट के लिए जुगत लगाने की शुरू कर दी है। इसमें पहला नाम भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा का चल रहा है। जबकि दूसरा नाम अशोक मोंगा का है। अशोक मोंगा पश्चिम क्षेत्र के पूर्व महामंत्री हैं। दोनों में टिकट का सबसे प्रबल दावेदार संजीव शर्मा को ही माना जा रहा है। कहा जाता है कि मेयर चुनाव में संजीव शर्मा टिकट मांग रहे थे, लेकिन भाजपा ने सुनीता दयाल को प्रत्याशी बना दिया। 

कांग्रेस के खाते में जाएगी सीट 
इस सीट पर सपा-कांग्रेस गठबंधन का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा। फिलहाल यह सीट कांग्रेस के खाते में जाती दिख रही है। उपचुनाव में कांग्रेस के पूर्व सांसद स्वर्गीय सुरेंद्र प्रकाश गोयल के बेटे सुशांत गोयल को टिकट का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि सुशांत भी मेयर का टिकट मांग रहे थे, लेकिन चुनाव से कुछ समय पहले वह खुद ही पीछे हट गए। 

बसपा और आसपा भी उतार सकती है प्रत्याशी 
गाजियाबाद विधानसभा सीट के लिए बहुजन समाज पार्टी और आजाद समाज पार्टी भी अपना-अपना प्रत्याशी उतार सकती है। जिले में बीएसपी का कोई भी ऐसा नेता नहीं है, जिसे टिकट का दावेदार माना जाए। लेकिन आजाद समाज पार्टी के पास कई चेहरे हैं। हाल ही में आसपा ने सत्यपाल चौधरी को शहर विधानसभा का प्रभारी बनाया है। शुक्रवार को कोर कमेटी की औपचारिक बैठक के बाद इसकी घोषणा की गई। सत्यपाल चौधरी राजस्थान के पार्टी प्रभारी हैं। कहा जाता है कि सत्यपाल चौधरी की वजह से ही आजाद समाज पार्टी ने राजस्थान में अपने पैर जमाए। माना जा रहा है कि आजाद समाज पार्टी सत्यपाल चौधरी को गाजियाबाद से प्रत्याशी बना सकती है।

अन्य खबरें