गाजियाबाद में क्रमिक अनशन खत्म : 18वें दिन अधिकारियों संग पहुंचे MLA अजीतपाल त्यागी, 31 दिसंबर तक‌ समय लिया, जानें पूरा मामला

Tricity Today | किसानों को जूस पिलाकर क्रमिक अनशन समाप्त कराते विधायक अजितपाल त्यागी।



Ghaziabad News : मुरादनगर में पाइप लाइन रोड पर नगर निगम द्वारा कूड़ा डाले के विरोध में चल रहा क्रमिक अनशन आज खत्म हो गया। मुरादनगर विधायक अजितपाल त्यागी आज नगर निगम अधिकारियों को लेकर धरनास्थल पर पहुंचे। विधायक ने आंदोलनरत किसानों और नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की वार्ता कराते हुए नगर निगम को 31 दिसंबर तक का समय दिला दिया है। नगरायुक्त ने किसानों को आश्वासन दिया है कि इस बीच नगर निगम कूड़ा डालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर लेगा।

विधायक ने जूस पिलाकर खत्म कराया अनशन
विकास संघर्ष समिति के सचिव सलेक भईया ने बताया कि दोपहर बाद विधायक अजीत पाल त्यागी, नगरायुक्त विक्रमादित्य मलिक,अपर नगर आयुक्त अमरेन्द्र सिंह और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार पहुंचे और एवं ग्रामीणों से वार्ता में  31 दिसंबर तक कूड़ा डंप किये जाने की अन्तिम तिथि निर्धारित की गई। आंदोलनरत किसानों ने इस तिथि पर सहमति जताते हुए अनशन समाप्त करने पर निर्णय लिया। विधायक अजीतपाल त्यागी ने अनशन पर बैठे सभी किसानों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।

आज सलेक भईया समेत ये किसान थे अनशन पर
शनिवार को किसानों के क्रमिक अनशन का 18वां दिन था। आज आंदोलन का नेतृत्व कर रहे विकास संघर्ष समिति के सचिव सलेक भईया के नेतृत्व में आकाश चौधरी (मिलक चाकरपुर), बूटन त्यागी, प्रवीण मुखिया, सूरजमुनी त्यागी और मुकेश त्यागी भट्टे वाले अनशन थे।

वार्ता के दौरान धरनास्थल पर मौजूद किसान
वार्ता के दौरान धरना स्थल पर मौजूद किसानों में प्रमोद कुमार, लोकेश चौधरी, प्रकाश नागर, दक्ष नागर (मथुरापुर) मनोज कुमार (भिक्कनपुर) धर्मपाल, नीरज कुमार, नानक (महमूदाबाद) पंडित प्रेम चन्द शास्त्री, (मोहनपुर) विक्की त्यागी (भादौली) सुमित आर्य, प्रवीण कुमार, देवेन्द्र चौधरी, शिवराज त्यागी, टीटू चेयरमैन, जोनी नेता जी, चौ. अजीत सिंह, सीताराम शर्मा, मास्टर प्रवीण त्यागी, सुरेश प्रधान, महेश प्रधान, मिन्टू प्रधान, डॉ. योगराज त्यागी, रामकिशोर नेता जी, राजवीरसिंह रहीसपुर, कालूराम बीडीसी, केके त्यागी, राजू त्यागी, प्रवीण कसाना,  विनय खारी सैंथली, छत्रपाल विधूड़ी और विनोद ठेकेदार आदि मौजूद रहे।

अगस्त में एक लाख हस्ताक्षर भेज चुके हैं किसान
शहर का कूड़ा गांव में डालने के विरोध में आंदोलन कर रही विकास संघर्ष समिति ने एक लाख किसानों के हस्ताक्षर कराकर भी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेज रखे हैं। 12 अगस्त को इन किसानों ने ट्रैक्टर मार्च करते हस्ताक्षरों के साथ कलेक्ट्रे पहुंचने का ऐलान किया था। किसानों की इस घोषणा पर अधिकारी धरनास्थल पर पहुंचे और वहीं किसानों का ज्ञापन लेने की बात कही। हालांकि किसान इस बात के लिए राजी नहीं थे लेकिन बाद में मुरादनगर विधायक अजितपाल त्यागी की मध्यस्थता के चलते किसान मान गए थे।

एक साल पहले तेज हुआ था विरोध
मुरादनगर में पाइप लाइन मार्ग पर भिक्कनपुर गांव के पास गाजियाबाद नगर निगम ने अपना डंपिंग ग्राउंड बनाया हुआ है, जब से निगम ने यहां कूड़ा डालना शुरू किया है, आसपास के किसान परेशान हैं और आंदोलन पर हैं। दिवाली न मनाने का ऐलान करने के बाद विकास संघर्ष समिति के बैनर तले सलेक भईया के नेतृत्व में दिसंबर, 2023 में किसानों का आंदोलन तेज हुआ, मगर एक साल भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा। हालांकि आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से आज भी जारी है। रोजाना पांच किसान क्रमिक अनशन पर बैठते हैं और अगले दिन दूसरे पांच किसानों की बारी आ जाती है।

16 गांवों की महापंचायत में लिया गया था विरोध का निर्णय
दिसंबर, 2023 में 16 गांवों के किसानों ने लामबंद होकर कूड़ा न डालने देने का एलान कर दिया था। 31 दिसंबर, 2023 को भिक्कनपुर में बुलाई गई महापंचायत में निर्णय लिया गया है नगर निगम को यहां कूडा नहीं गिराने देंे। 12 स्कूलों के छात्रों मकरेड़ा गांव में हुए महायज्ञ में आहूति देकर अपना विरोध दर्ज कराया था। इससे पहले 23 दिसंबर को भी कूड़ा लेकर पहुंचे डंपर बैरंग लौटाए गए तो संबंधित कंपनी ने सलेक भईया समेत 30 किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी
थी।

अन्य खबरें