गाजियाबाद न्यूज : रैपिड रेल के संचालन का एक वर्ष पूरा, केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर ने किया सफर, 40 लाख यात्रियों ने भरी “उड़ान”

Tricity Today | नमो भारत ट्रेन में केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर।



Ghaziabad News : देश के पहले रैपिड रेल रूट दिल्ली- गाजियाबाद- मेरठ पर “नमो भारत” ट्रेन संचालन का एक वर्ष पूरा हो गया। पहली वर्षगांठ के मौके पर शहरी कार्य और ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नमो भारत ट्रेन का सफर किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली- गाजियाबाद - मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के प्रमुख स्टेशनों का निरीक्षण भी किया। मनोहर लाल खट्टर साहिबाबाद आरआरटीएस स्टेशन से नमो भारत ट्रेन में सवार हुए। इस दौरान उन्होंने महिला ट्रेन ऑपरेटरों से बात की और उनके योगदान को सराहा।

पीएम ने साहिबाबाद से किया था लोकार्पण
20 अक्टूबर, 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साहिबाबाद आरआरटीएस स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर आरआरटीएस का लोकार्पण किया गया था। 21 अक्टूबर को नमो भारत ट्रेन का जन सामान्य के लिए परिचार शुरू हुआ। उस समय “नमो भारत” ट्रेन का संचालन साहिबाबाद से दुहाई के बीच शुरू किया गया था, जो 6 मार्च, 2024 को बढ़कर मोदीनगर और फिर 18 अगस्त को मेरठ साउथ तक हो गया। फिलहाल 42 किमी के रूट पर नमो भारत का परिचालन हो रहा है। इसी साल के अंत तक नमो भारत ट्रेन का संचालन दिल्ली के न्यू अशोक नगर तक करने की तैयारी है। साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर के बीच ट्रायल रन शुरू हो चुका है।

यात्रियों से फीडबैक भी लिया
केंद्रीय मंत्री ने नमो भारत ट्रेन में सफर के दौरान यात्रियों से भी फीडबैक लिया और यात्रियों की प्रतिक्रिया पाकर संतोष जाहिर किया। यात्रियों ने नमो भारत ट्रेनों मे मिलने वाली सुविधाओं, इसकी गति, और मिलने वाले आराम की सराहना की। कई यात्रियों ने बताया कि इस नए परिवहन साधन ने उनके दैनिक आवागमन को काफी बेहतर बना दिया, और यह पारंपरिक परिवहन के मुकाबले एक परेशानी-मुक्त और विश्वसनीय विकल्प है।

स्कूली बच्चों ने भी लिया सफर का आनंद
नमो भारत परिचालन के एक वर्ष होने के अवसर पर एनसीआरटीसी ने सुबह स्कूली छात्रों की विशेष यात्रा का आयोजन किया, जिसमे स्कूल के बच्चों ने चॉकलेट के साथ तेज़ और आनंददायक सवारी का आनंद लिया। यात्रियों का स्वागत उत्सव के माहौल में ढोल की थाप, चॉकलेट और स्मृति चिन्ह के साथ किया गया। स्टेशनों को नमो भारत दिवस के लिए सजाया गया था, जिससे एक उत्सव जैसा माहौल बना हुआ था।

सबसे पहले आनंद विहार स्टेशन देखा
मनोहर लाल ने अपने दौरे की शुरुआत आनंद विहार आरआरटीएस स्टेशन से की, जहां उनका स्वागत एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को स्टेशन के अनूठे डिजाइन और समग्र आरआरटीएस नेटवर्क में इसके महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। आनंद विहार आरआरटीएस स्टेशन को ऐसे डिजाइन किया गया है कि यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है।
आनंद विहार बन रहा बड़ा हब
यहां दिल्ली मेट्रो की ब्लू और पिंक लाइन का भी जंक्शन है। इसके अलावा भारतीय रेल और अंतर्राज्यीय बस अड्डा तो है ‌ही। दो मेट्रो लाइनों, एक रेलवे स्टेशन, और दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश के कौशांबी में स्थित दो अंतर-राज्यीय बस टर्मिनलों (आईएसबीटी) के निकट होने के कारण, आनंद विहार क्षेत्र का सबसे व्यस्त ट्रांजिट हब बनने के लिए तैयार है।

दिल्ली तक शुरू हो चुका है ट्रायल रन
केंद्रीय मंत्री को जानकारी दी गई कि हाल ही में नमो भारत ट्रेनों का ट्रायल रन शुरू किया गया है, जो दिल्ली के न्यू अशोक नगर और आनंद विहार आरआरटीएस स्टेशन को पहले से चालू साहिबाबाद स्टेशन से जोड़ेगा। इसी साल के अंत तक नमो भारत ट्रेन का परिचालन न्यू अशोक नगर तक शुरू होने से मेरठ और दिल्ली कनेक्ट हो जाएंगे।

साहिबाबाद आरआरटीएस स्टेशन पहुंचे
आनंद विहार स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद केंद्रीय मंत्री साहिबाबाद आरआरटीएस स्टेशन पहुंचे, जहाँ उन्होंने यात्रियों के लिए विकसित की गई विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्हें लाइव मॉडल के साथ-साथ ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) और वर्चुअल रियलिटी (VR) के बारे मे भी बताया गया और आरआरटीएस के विकास में इस्तेमाल की जा रही नवीनतम बुनियादी संरचना, उन्नत तकनीकों और सेवाओं की जानकारी प्रदान की गयी।

40 लाख यात्री कर चुके हैं सफर
नमो भारत के संचालन के पहले ही दिन से, यात्रियों को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) की सुविधा का लाभ मिल रहा है, जिससे भारत सरकार की "वन नेशन, वन कार्ड" पहल के तहत विभिन्न परिवहन साधनों के बीच सुगम यात्रा संभव हो पाई है। केंद्रीय मंत्री को बताया गया कि 21 अक्टूबर, 2023 को शुरू होने के बाद से, नमो भारत ट्रेनों ने गाज़ियाबाद, साहिबाबाद और आसपास के क्षेत्रों में यात्रा को काफी बदल दिया है, और अपने पहले वर्ष में सफलतापूर्वक 40 लाख से अधिक यात्रियों की सेवा की है।

गाजियाबाद स्टेशन पर पहुंचे सबसे ज्यादा यात्री
पिछले वर्ष के दौरान गाजियाबाद आरआरटीएस स्टेशन पर सबसे अधिक यात्री संख्या दर्ज की गई, इसके बाद साहिबाबाद और मोदीनगर नॉर्थ आरआरटीएस स्टेशनों का स्थान रहा। ‌विजिट के दौरान केंद्रीय मंत्री को कई अभूतपूर्व तकनीकों के बारे में भी बताया गया, जिनमें से कई का इस्तेमाल पहली बार वैश्विक स्तर पर किया जा रहा है। ये तकनीकें ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल के तहत नमो भारत परियोजना के कार्यान्वयन का हिस्सा हैं और प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप, ये अत्याधुनिक विकास भारत में सार्वजनिक परिवहन बुनियादी ढांचे के परिवर्तन को गति दे रहे हैं।

जून, 2025 तक पूरा होगा कॉरिडोर
जून 2025 तक जब 82 किलोमीटर का पूरा कॉरिडोर पूरा हो जाएगा, तो यात्री एक घंटे से भी कम समय में दिल्ली से मेरठ की यात्रा कर सकेंगे, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव आएगा और समग्र यात्री अनुभव में वृद्धि होगी।

अन्य खबरें