गाजियाबाद पुलिस और बदमाशों के बीच चली गोली : घायल समेत 2 गिरफ्तार, 12 दिन पहले महिला को बंधक बनाकर… 

Tricity Today | पुलिस की गिरफ्त में आरोपी



Ghaziabad News : गाजियाबाद में मोदीनगर थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के बाद 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए बदमाशों ने करीब 12 दिन पहले नगला मूसा में एक महिला को बंधक बनाकर लूटा था। 

दोनों तरफ से हुई कई राउंड फायरिंग 
पुलिस को शुक्रवार रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि पतला निवाड़ी मार्ग पर नगला मूसा में महिला से लूटपाट करने वाले बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही निवाड़ी थाना प्रभारी और स्वाट टीम को मौके पर भेजा गया। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की और दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। जिससे एक बदमाश वसीम पुत्र सल्लू निवासी फिरोजपुर नखासा जिला संभल वर्तमान पता मलिन बस्ती मुरादनगर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जबकि दूसरे ने अपना नाम सलमान पुत्र वकालत निवासी धोरा टांडा एसबीआई बैंक के पास मौजीपुरा बरेली बताया है। बदमाशों के पास से तमंचा और लूटी हुई नकदी बरामद की है। 

पुलिस का बयान 
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि घायल बदमाश वसीम पर विभिन्न थानों में सात मुकदमे दर्ज हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए बदमाशों ने ही 12 दिन पहले एक महिला को बंधक बनाकर उसके साथ लूटपाट की थी।

अन्य खबरें