जानिए : गाजियाबाद में कैसे चरितार्थ हुई पुरानी कहावत, जाका काम वाको साजे और करे तो डंडा बाजे

Tricity Today | एसीपी साहिबाबाद रजनीश कुमार उपाध्याय



Ghaziabad News : बुजुर्गों ने सोच समझकर ही यह कहावत बनाई होगी कि 'जाका काम वाको साजे और करे तो डंडा बाजे।' इसीलिए तो आज भी सच साबित हो रही है। ताजा उदाहरण अर्थला का है, जहां पार्षद ने वह काम कर दिया जो निगम के प्रवर्तन दस्ते को करना था। नतीजा सामने है, दो पक्षों के बीच डंडा बज गया और दोनों पक्ष अलग- अलग समुदाय से जुड़े होने के कारण मामला पुलिस के सिर दर्द बन गया। कमिश्नरेट पुलिस रात भर तनाव में रही और पीएसी को भी रात में ही दौड़ना पड़ा।

पार्षद के खोखा हटाने पर हुआ बवाल
अर्थला के पार्षद हैं मनोज पाल। उन्हें नाले पर रखे एक खोखे से शिकायत थी, बताते हैं कि पार्षद ने पुलिस से भी इस खोखे को हटवाने की इल्तजा की थी, मगर पुलिस ने इसे नगर निगम का काम बताते पीछा छुड़ाया। पार्षद होते हुए मनोज पाल ने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराने के बजाय ऑन द स्पॉट फैसला करने की ठान ली और खुद ही जाकर खोखा हटा दिया, लोग विरोध पर उतारू हो गए।

पार्षद और वकी हुए आमने - सामने
इसी इलाके में रहने वाले वकील साह‌ब को पार्षद की यह बात सही नहीं लगी। उन्होंने एतराज दर्ज कराया, दोनों के बीच कहासुनी से शुरू हुआ विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। फिर क्या था, दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला और चार लोगों को हिरासत में ले लिया। मामला दो संप्रदायों से जुड़ा होने के कारण रात में ही पीएसी तैनात करनी पड़ी।

पार्षद के खुद खोखा हटाने से हुआ विवाद
एसीपी साहिबाबाद रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि अर्थला में नाले पर रखे एक खोखे को हटाए जाने पर विवाद हो गया। दरअसल स्थानीय पार्षद ने पुलिस से यह खोखा हटवाने के लिए कहा था लेकिन पुलिस ने नगर ‌का काम होने की बात कही तो उन्होंने खुद ही खोखा गिरा दिया। दो पक्षों में विवाद बढ़ने पर पुलिस पहुंची। मामला संवेदनशील होने के कारण पीएसी को बुलाना पड़ा।

चार लोगों को हिरासत में लिया गया, जांच जारी
एसीपी ने बताया कि मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण संवेदनशील हो गया था, लेकिनअब शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस ने अर्थला गांव से चार लोगों को हिरासत में लिया है। उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है, मारपीट में शामिल लोगों की पहचान के बाद कुछ और गिरफ्तारियां भी की जानी हैं। पुलिस स्वयं मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।

अन्य खबरें