ग्रेटर नोएडा में दबंगों की हैवानियत : मां समेत चार लोगों का अपहरण, नाबालिग से निकाह किया फिर रेप करने के बाद दिया तीन तलाक 

Google Image | Symbolic Image



Noida News : ग्रेटर नोएडा से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। थाना जारचा क्षेत्र के एक गांव में दबंगों ने हथियार के बल पर पहले नाबालिग लड़की की मां और दो चाचाओं का अपहरण कर उन्हें पड़ोस के मकान में बंधक बना लिया। फिर नाबालिग से जबरदस्ती निकाह कर उसके साथ रेप किया। पीड़िता के पिता ने मामले की शिकायत ग्रामीणों से की। इसके बाद आरोपियों ने ग्रामीणों के दबाव में लड़की की मां और चाचाओं को छोड़ दिया। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री के पोर्टल पर की गई है।

हथियार के बल पर घर से किया अपहरण
परिवार के साथ रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि 8 जुलाई को गांव के छह लोग हाथों में पिस्टल, बंदूक, तलवार आदि हथियार लेकर घर में घुस आए। दबंगों ने घर में बैठी पत्नी, बेटे व दो भाइयों के साथ मारपीट की। हथियारों के बल पर चारों का अपहरण कर पड़ोसी के मकान में ले जाकर बंधक बना दिया।इसके बाद दबंगों ने वापस घर आकर नाबालिग लड़की का अपहरण कर एक लड़के के साथ उसका जबरन निकाह करा दिया और रेप किया। पीड़ित पिता ने घटना का पता चलने पर गांव के लोगों को जानकारी दी। ग्रामीणों ने एकत्र होकर आरोपियों के घर पहुंच कर पांचों को बंधन मुक्त कराया।

निकाह के बाद दुराचार, शिकायत पर सुनवाई नहीं 
बताया जा रहा है आरोपी ने लड़की से निकाह के बाद उसके साथ पहले रेप किया, फिर उसे तीन तलाक भी दे दिया। घटना के बाद लड़की के पिता ने इसकी शिकायत 112 नंबर पर पुलिस को दी । पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसके बाद पीड़ित ने जारचा थाने में लिखित शिकायत दी, वहां भी सुनवाई न होने पर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई।

पुलिस का बयान 
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि यह घटना संज्ञान में आई है। पीड़ित पक्ष को बुलाया गया है। पीड़ित पक्ष से पूरे मामले की जानकारी ली जाएगी। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

अन्य खबरें