गाजे-बाजे के साथ गाय की अंतिम यात्रा निकली : ग्रेटर नोएडा में ट्रैक्टर ट्राली में रखा गया शव, डीजे पर बजते रहे गाने

Tricity Today | गाजे-बाजे के साथ गाय की अंतिम यात्रा निकली



Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के रोनीजा गांव में किसान नेता पप्पू प्रधान की गाय का निधन हो गया। बताया जा रहा है कि परिवार को गाय से काफी लगाव था। गाय के निधन के बाद परिवार ने निर्णय लिया अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। जिसके बाद बुधवार को गाजे-बाजे के बाद गाय की अंतिम यात्रा निकाली गई। 

ट्रैक्टर को फूल और गुब्बारों से सजाया 
भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्यौराज सिंह ने बताया कि बुजुर्ग गाय की शवयात्रा बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे गांव से निकली। गाय का शव फूल और गुब्बारों से ट्रैक्टर में रखा गया था। इस दौरान विशेष तौर पर डीजे का भी इंतजाम किया गया। अंतिम यात्रा के दौरान डीजे पर धार्मिक गीत बजते रहे। लोग गाय के लिए प्रार्थना करते भी दिखे। गांव के श्मशान घाट पर गाय का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान गांव के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। 

हिन्दू धर्म में गाय का महत्व
हिन्दू धर्म में गाय को माता माना जाता है। पुराणों के अनुसार गाय में सभी देवताओं का वास माना गया है। गाय के दूध को अमृत कहा गया है। वहीं दूसरी ओर पहली रोटी गाय के लिए निकालने का भी विधान है।वहीं, हर व्रत-त्योहार और धार्मिक आयोजनों में गाय की पूजा की जाती है। पौराणिक मान्यता के अनुसार गौ सेवा करने आपके पुण्य कर्मों में वृद्धि होती है और आपको जीवन-मृत्यु के चक्र से मुक्ति भी मिलती है।

अन्य खबरें