गुरुग्राम में फिर चला बुलडोजर : अवैध कॉलोनियों पर एक्शन, कई मकान ध्वस्त

Google | अवैध कॉलोनियों पर बुलडोज़र एक्शन



Gurugram News : गुरुवार को गुरुग्राम के नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग ने रायसीना, अलीपुर और भोंडसी गांव में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ एक बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान 31 एकड़ में फैली 6 अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया गया, जिससे कई मकान धराशाही हो गए।

कॉलोनियों पर कार्रवाई
गुरुग्राम के भोंडसी गांव में मारुती कुंज नामक क्षेत्र में अवैध रूप से 7 एकड़ में 2 कॉलोनियां काटी जा रही थीं। इसके साथ ही, दो मकानों का निर्माण भी किया जा रहा था। प्रशासन की कार्रवाई के बाद, इन अवैध कॉलोनियों को तत्काल ध्वस्त कर दिया गया। जमीन मालिकों और भूमाफियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा, इन कॉलोनियों के निर्माण का खर्चा भी इनसे वसूला जाएगा। तहसीलदार को पत्र लिखकर इन कॉलोनियों में जमीन की खरीद पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

करोड़ों की जमीन पर चला बुलडोजर
भोंडसी गांव में स्नेह विहार नामक अवैध कॉलोनी पर भी बुलडोजर चलाया गया। इस कॉलोनी में 6 एकड़ में अवैध निर्माण किया जा रहा था। यहां तीन निर्माणाधीन मकानों को ध्वस्त कर दिया गया, और बगल में स्थित 3 दुकानों को भी मिट्टी में मिला दिया गया। इसके अतिरिक्त, 20 मकानों के निर्माण के लिए बनाई गई चारदीवारी को भी ढहा दिया गया।

रायसीना और अलीपुर में कार्रवाई 
गांव रायसीना में राघव रियलिटी कंपनी द्वारा 'वेस्ट कंट्री' नाम से लगभग 15 एकड़ में फार्म हाउस में अवैध कॉलोनियों का विकास किया जा रहा था। कंपनी ने एक गार्ड हाउस भी बना लिया था। डीटीपीई के आदेश पर इस क्षेत्र में भी अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। अलीपुर गांव में करीब 3 एकड़ में अवैध कॉलोनी का विकास कार्य चल रहा था। भूमाफियों ने अपनी निजी संपत्ति के विकास का कार्य भी शुरू कर दिया था, जिसे भी ध्वस्त कर दिया गया।

प्रशासन ने दिया यह जवाब
डीटीपीई मनीष यादव के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान प्रशासन ने स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद कार्रवाई को जारी रखा। स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन प्रशासन के बल के आगे उन्हें पीछे हटना पड़ा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान से यह स्पष्ट हो गया है कि गुरुग्राम में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन की सख्त नीति है और ऐसे निर्माणों को मिट्टी में मिलाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
 

अन्य खबरें