हरियाणा एग्जिट पोल : कांग्रेस की सरकार बनने के आसार, सीएम नायब सिंह सैनी कर रहे जीत का दावा

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो



Gurugram News : हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए सभी 90 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है। मतदान के बाद विभिन्न मीडिया चैनलों और सर्वे एजेंसियों द्वारा जारी एग्जिट पोल में कांग्रेस के लिए सकारात्मक संकेत मिले हैं। अधिकतर पोल में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है, जो पार्टी के लिए एक अच्छी खबर है। इस बीच भाजपा के लिए यह चुनाव कठिनाई भरा साबित हो सकता है। सत्ता विरोधी लहर के चलते पार्टी को संभावित नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। 

भाजपा फिर से सत्ता में आएगी- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह दावा किया है कि 8 अक्टूबर को जब चुनाव के नतीजे घोषित होंगे, तब भाजपा फिर से सत्ता में आएगी। भाजपा के लिए यह चुनाव इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि वह पिछले दस वर्षों से राज्य की सत्ता पर काबिज है। अब देखना है कि क्या भाजपा अपनी स्थिति को मजबूत करने में सफल होती है।

कांग्रेस एग्जिट पोल के अनुमानों से बेहतर प्रदर्शन करेगी- भूपेंद्र सिंह हुड्डा
भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता का कहना है कि कांग्रेस एग्जिट पोल के अनुमानों से बेहतर प्रदर्शन करेगी और 10 साल बाद सत्ता में वापसी करेगी। यह चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण है खासकर जब उसने पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को कड़ी टक्कर दी थी। यही नहीं पिछले लोकसभा चुनाव में दोनों दलों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली थी। जब दोनों पार्टियों ने 5-5 सीटें जीती थीं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या कांग्रेस उस गति को बनाए रख पाती है या भाजपा अपनी स्थिति को मजबूत करने में सफल होती है। हरियाणा के मतदाता कई मुद्दों पर विचार कर रहे थे जैसे कि विकास, रोजगार और कृषि नीतियां। ऐसे में 8 अक्टूबर का दिन हरियाणा की राजनीति के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।

क्या जनता किसी एक पार्टी को पूर्ण बहुमत के लाएगी साथ सत्ता में 
हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच की टक्कर एक बार फिर देखने को मिलेगी, लेकिन क्या जनता किसी एक पार्टी को पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में लाएगी। यह सवाल सभी के मन में है। भाजपा पिछले एक दशक से सरकार में है। क्या भाजपा को अब सत्ता विरोधी लहर का सामना करना पड़ सकता है। वहीं कांग्रेस ने अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए कई मुद्दों पर जोर दिया। जिसमें कृषि संकट, बेरोजगारी और सामाजिक कल्याण योजनाएं शामिल हैं। एग्जिट पोल के अनुसार कांग्रेस के पक्ष में संकेत मिल रहे हैं, लेकिन अंतिम परिणाम से पहले कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। 8 अक्टूबर को जब चुनाव परिणाम घोषित होंगे, तब हरियाणा की राजनीतिक दिशा स्पष्ट होगी। ऐसे में सभी की नजरें इस चुनाव पर टिकी हैं।

एजेंसी                  कांग्रेस       भाजपा      जेजेपी       अन्य
सी-वोटर               50-58        20-28        0-2          10-14
रिपब्लिक मैट्रिज     55-62       18-24        0-3           5-11
पीपुल्स पल्स          49-61        20-32        0-1           5-8
ध्रुव रिसर्च             55-62        18-24        0-3           5-11

अन्य खबरें