अच्छी खबर : गुरुग्राम का यह थाना बना हरियाणा का पहला आईएसओ प्रमाणित कोतवाली, सभी अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरा

Tricity Today | सुशांत लोक थाना बना आईएसओ प्रमाणित



Gurugram News : मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में स्थित सुशांत लोक थाना हरियाणा का पहला आईएसओ सर्टिफिकेट हासिल करने वाला थाना बन गया है। बीते 23 जुलाई मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संगठन (ISO) द्वारा पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोरा को ISO सर्टिफिकेट (9001:2015) प्रदान किया गया। पुलिस कार्यशैली का पूर्ण रूप से अनुसरण करने और अच्छे रखरखाव के लिए यह प्रमाण पत्र दिया गया।

सभी अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरा
मंगलवार को थाना में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोरा ने बताया कि आईएसओ की एक टीम ने कुछ महीने पूर्व सुशांत लोक थाना का अंतरराष्ट्रीय मानकों पर निरीक्षण किया था। टीम ने कानूनी प्रक्रियाओं और निर्देशों का पूर्णतः पालन करना, रिकॉर्ड का व्यवस्थित रखरखाव, पुलिसकर्मियों के रहने और खाने की व्यवस्था, कार्यस्थलों की व्यवस्था, थाना परिसर की नियमित रूप से साफ-सफाई समेत अन्य मापदंडों की जांच की थी। सभी अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरने पर थाने को यह प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अरोरा ने कहा, "हम शहर के अन्य थानों के लिए भी इसी तरह के प्रमाण पत्र प्राप्त करने की दिशा में काम कर रहे हैं। हमें इसे आगे बढ़ाना होगा और जनता की सेवा करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करना होगा।"

थाने में याचिकाकर्ताओं का स्वागत
थाने में सभी शिकायतकर्ताओं का स्वागत किया जाता है। आईएसओ प्रमाणित पुलिस थानों के स्वागत कक्ष को विशेष रूप से वर्दीधारी रिसेप्शन के साथ डिजाइन किया गया है, ताकि याचिकाकर्ताओं का विनम्र तरीके से स्वागत किया जा सके। उनकी शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुना जाता है और उन्हें उचित समाधान दिया जाता है। इन पुलिस थानों की इमारतों के कमरों का भी नवीनीकरण किया गया है और बुनियादी ढांचे और बिजली के काम में सुधार किया गया है, जिससे जनता काफी संतुष्ट है। आईएसओ प्रमाणित पुलिस थानों में पुलिस कर्मियों और आम जनता के लिए अलग-अलग पार्किंग क्षेत्र भी निर्धारित किए गए हैं।

क्या है ISO 9001:2015 की परिभाषा?
आईएसओ 9001 को अंतरराष्ट्रीय मानक के रूप में परिभाषित किया गया है, जो गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली (QMS) के लिए आवश्यकताओं को निर्दिष्ट करता है। संगठन ग्राहकों और नियामक आवश्यकताओं को पूरा करने वाले उत्पादों और सेवाओं को लगातार प्रदान करने की क्षमता प्रदर्शित करने के लिए इस मानक का उपयोग करते हैं। यह ISO 9000 श्रृंखला में सबसे लोकप्रिय मानक है और श्रृंखला में एकमात्र मानक है जिसे संगठन प्रमाणित कर सकते हैं। ISO 9001 का वर्तमान संस्करण सितंबर 2015 में जारी किया गया था।
 

अन्य खबरें