Gurugram :   गंदे पानी से परेशान हुए सुशांत लोक के निवासी, धरना-प्रदर्शन की दी चेतावनी

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो



Gurugram News : गुरुग्राम के सुशांत लोक एक के सी ब्लॉक निवासी गंदे पानी की सप्लाई से परेशान हैं। जिसके कारण क्षेत्र में स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ने का डर है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पीने के पानी में कीड़े आ रहे हैं। जिससे डायरिया और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। नगर निगम में शिकायत करने के बावजूद समस्या के समाधान से लोग संतुष्ट नहीं हैं। यहां के निवासी सोशल मीडिया पर इस समस्या को उजागर करते हुए अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कर रहें है और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील कर रहें हैं।

धरना प्रदर्शन की दी चेतावनी
सी ब्लॉक के आरडब्ल्यूए प्रधान दीपक वर्मा के अनुसार, पिछले तीन महीनों से वे दूषित पानी की समस्या को नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष रख रहे हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है। उनका कहना है कि सीवर जाम की स्थिति के कारण दूषित पानी पीने की पाइपलाइन में मिल रहा है, जिसके कारण यह दूषित पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो निवासियों को मजबूरीवश प्रदर्शन करना पड़ेगा।

समस्या का जल्द किया जाएगा निवारण
गुरुग्राम नगर निगम के मुख्य अभियंता मनोज यादव के अनुसार, उन्हें इस तरह की शिकायतें नहीं मिली हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि यदि ऐसा है, तो शिकायत का शीघ्र निवारण किया जाएगा। हालांकि निवासियों का कहना है कि उनकी समस्याएं अनसुनी रह गई हैं और अगर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो उनके द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है और सभी एकजुट होकर इस समस्या के समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।

अन्य खबरें