National Dengue Day : सावधानी रखकर इस बीमारी से बचाव संभव, नोएडा हेल्थ डिपार्टमेंट ने चलाया अभियान

नोएडा | 4 महीना पहले | Nitin Parashar

Tricity Today | Symbolic



Noida News : राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न हिस्सों में लोगों को इस घातक बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जिला स्वास्थ्य विभाग ने नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता और जनसभाओं के माध्यम से डेंगू के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

विजेताओं को किया पुरस्कृत 
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा ने बताया कि इस वर्ष की थीम 'Connect With Community Control Dengue' है। अभियान के तहत सेक्टर-8 की मलिन बस्ती में घर-घर जाकर कूलरों, छत के पानी के बर्तनों और नालियों को साफ कराया गया। साथ ही लोगों को डेंगू के लक्षण और बचाव संबंधी जागरूक किया गया। पंचशील बालक इंटर कॉलेज में डेंगू पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। विजेताओं को डॉ. शर्मा ने पुरस्कृत किया। छात्रों को डेंगू से बचाव पर वीडियो भी दिखाया गया। राजकीय इंटर कॉलेज सेक्टर-12 में वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई।

डेंगू नियंत्रण पर चर्चा
दादरी ब्लॉक में नगर पालिका सभासदों की बैठक में मोहल्ला निगरानी समिति गठन कर डेंगू नियंत्रण पर चर्चा हुई। ग्राम बील अकबरपुर, कोट और बिसाहड़ा में गोष्ठियां कर जनसामान्य को जागरूक किया गया। दादरी के स्वास्थ्य केंद्र पर आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं की बैठक भी हुई। बिसरख में रैली और नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों तक संदेश पहुंचाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शर्मा ने कहा कि डेंगू जानलेवा बीमारी है। एडीज मच्छर इसके प्रमुख वाहक हैं। जनसहयोग से ही इसे नियंत्रित किया जा सकता है।

अन्य खबरें