नोएडा में महिलाएं बेच रही गांजा : पुलिस ने तीन को दबोचा, खाकी को चकमा देकर गैंग की सरगना हुई फरार

नोएडा | 2 दिन पहले | Junaid Akhtar

Tricity Today | पुलिस की गिरफ्त में आरोपी



Noida News : नोएडा में थाना सेक्टर-39 पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में दो महिलाओं समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि तीनों गांजा तस्करी करते हैं। पकड़े गए आरोपी हॉस्टल पीजी और कॉलेज के आसपास के छात्रों और अन्य लोगों को गांजा बेचती हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि इस गैंग को एक महिला सरगना संचालित कर रही थी, जो अब फरार है। इनके पास से 18 किलो 900 ग्राम गांजा और 1400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। 

पुलिस ने ऐसे दबोचा 
नोएडा जोन एडीसीपी मनीष मिश्रा ने बताया कि सेक्टर 39 नोएडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महर्षि रोड विद्या मंदिर के पास एक गांजा तस्कर आने वाला है। पुलिस ने वहां से गांजा तस्कर राज राठौर पुत्र उमेश चंद को गिरफ्तार कर लिया। कड़ी पूछताछ के बाद उसने बताया कि वह सिंहराज भाटी चौक पर दो महिलाओं को गांजा देने जा रहा था। पुलिस ने बिना किसी देरी के सिंहराज भाटी चौक के सामने वाली गली से सुमन पत्नी शिवलाल और अनु इक्का पत्नी रामेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि ये तीनों सिंहराज भाटी चौक के सामने सलारपुर निवासी नूर फातिमा उर्फ शाहिबा के संरक्षण में गांजा की तस्करी करती थीं। 

पुलिस के आते ही चंपत हो गई सरगना 
पुलिस की एक टीम ने वहां छापा मारा। इशारा मिलते ही फातिमा मौके से फरार हो गई। गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से बरामद गांजा काफी नशीला है। केमिकल का इस्तेमाल कर इसका नशा बढ़ाया जाता था। पकड़े गए गांजे की कीमत करीब 15 लाख रुपये है। एडीसीपी ने बताया कि हाल ही में नोएडा में बड़े पैमाने पर गांजा पकड़ा गया था। ये सभी भी इसी गिरोह का हिस्सा हैं। फातिमा इन्हें गांजा देती थी। गांजा सप्लाई करने के बदले इन्हें पैसे दिए जाते थे। 

कॉलेज, पीजी और हॉस्टल करते थे सप्लाई 
महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि वे आसानी से लोगों तक गांजा पहुंचाती थीं। महिला होने का फायदा उन्हें था, पुलिस और दूसरे लोगों को भी उन पर शक नहीं होता था। वे लंबे समय से तस्करी में लिप्त थीं। उनके निशाने पर आसपास के कॉलेज, पीजी और हॉस्टल होते थे। फिलहाल उनके मोबाइल से जानकारी जुटाई जा रही है।

अन्य खबरें