Uttar Pradesh News : बेटी की मौत का कारण जानने के लिए ढाई साल तक भटकी मां, डीएम के आदेश पर अब कब्र से निकाला गया शव

Tricity Today | डीएम के आदेश पर अब कब्र से निकाला गया शव



Fatehpur News (सचिन) : संदिग्ध परिस्थितियों में हुई बेटी की मौत का कारण जानने के लिए फतेहपुर में एक मां ढाई साल तक पुलिस और प्रशासन के चक्कर काटती रही। अब जाकर जिलाधिकारी के आदेश पर मृतक बेटी के शव को खोदकर कब्रिस्तान से निकल गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साल 2021 में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इसके बाद विवाहिता के परिजनों ने दामाद और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से विवाहिता की मां अपनी बेटी के मौत का कारण जानने के लिए भटक रही थी।

ससुरालियों पर बिना बताए दफनाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, चित्रकूट के भौरी गांव निवासी रहीशा की शादी वर्ष 2013 में फतेहपुर के मुत्तौर गांव निवासी तुफैल के साथ हुई थी। इसके बाद वर्ष 2021 में रहीशा की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। आरोप है कि पति ने ग्रामीणों को बीमारी से मौत होने का कारण बताकर, मृतका के परिजनों और पुलिस को बिना बताए कब्रिस्तान में दफना दिया था। जब मृतका के परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो घर में हड़कंप मच गया था।

महिला आयोग को भी लिखा था मां ने पत्र
इस मामले में मृतका रहीशा की मां इमामुन ने महिला आयोग को पत्र लिखकर अपने दामाद और बेटी के ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया था। इसके बाद वर्ष 2022 में दामाद तुफैल सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में तहसीलदार सदर इवेंद्र कुमार के अनुसार, नायब तहसीलदार और फोरेंसिक विभाग की टीम की मौजूदगी में कब्र से शव को निकाला गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्यवाई की जाएगी।

अन्य खबरें