हैड कांस्टेबल की पिस्टल लूटकर भागा दुष्कर्म का आरोपी : मुठभेड़ के दौरान लगी गोली, सरकारी पिस्टल बरामद

ghazibad police | मुठभेड़ में घायल को ले जाती ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस



Ghaziabad News : बुधवार तड़के ट्रोनिका सिटी थानाक्षेत्र में हैड कांस्टेबल की पिस्टल लूटकर पुलिस हिरासत से फरार दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभियुक्त को दुष्कर्म के मामले में देर रात गिरफ्तार कर मेडिकल के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस की बाइक फिसलने का फायदा उठाकर अभियुक्त हैड कांस्टेल की पिस्टल लूटकर भाग रहा था। हैड एसीपी लोनी सूर्यबली मौर्य ने बताया - अभियुक्त के कब्जे से पुलिस से लूटी गई पिस्टल 9 एमएम की पिस्टल और चार कारतूस बरामद कर लिए गए हैं। अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
मंगलवार को हुआ दुष्कर्म में नामजद
एसीपी ने बताया - मंगलवार को ट्रोनिका सिटी थाने में घर में घुसकर दुष्कर्म किए जाने का मामला दर्ज किया गया था। 
थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस टीम द्वारा दुष्कर्म के आरोप में नामजद अभियुक्त 31 वर्षीय अरूण कुमार पुत्र स्व. सुभाष चन्द निवासी पूजा कालोनी, ट्रोनिका सिटी को देर रात  गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के उपरान्त अभियुक्त की अचानक तबीयत खराब होते देख पुलिसकर्मी बाइक से मेडिकल हेतु ले जा रहे थे। रास्ते में बाइक फिसल गई और क‌थित बीमार अभियुक्त अरूण कुमार मौके का फायदा उठाकर हैड कांस्टेबल आर्यन चौधरी की पिस्टल लूटकर भाग निकला। अभियुक्त के भागने की सूचना पर चैकिंग में लगे सब इंस्पेक्टर गुलशन कुमार और स्वर्ण सिंह की टीम ने अरूण कुमार को घेरकर रोकने का प्रयास किया लेकिन अभियुक्त द्वारा हैड कांस्टेबल से लूटी गई पिस्टल से गोली चला दी गई।
पुलिस टीम ने खुद का बचाव करने के लिए गोली चलाई जो अरूण के दाहिने पैर में घुटने से नीचे गोली लगी। वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने अभियुक्त के कब्जे से लूटी गई सरकारी पिस्टल 9 MM और चार जिन्दा कारतूस बरामद कर घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। एसीपी लोनी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि अभियुक्त अरूण कुमार के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
 

अन्य खबरें