शाबाश गाजियाबाद पुलिस : हैदराबाद से गिरफ्तार किया उस्मान, पुलिस को एक माह से कर रखा था परेशान, जानें पूरा मामला

Tricity Today | कौशांबी थाना पुलिस की हिरासत में आरोपी उस्मान।



Ghaziabad News : गाजियाबाद कमिश्नरेट के कौशांबी थाने पुलिस की नींद हराम कर देने वाला उस्मान आखिर हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया गया। उस्मान की मां और तीन भाईयों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मूलरूप से मेवात के रहने वाला आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था। 19 सितंबर, 2024 को वैशाली निवासी एक महिला ने उस्मान और उसके परिवार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।

2007 आयुष्मान बनकर मिला था
उस्मान पुत्र सलीम 2007 में पीड़िता के संपर्क में आया था। वह अपना नाम आयुष्मान बताता था। इसी नाम से वह सात साल तक महिला के संपर्क में रहा और महिला का विश्वास हासिल करने के बाद 2014 में उसने महिला से शादी कर ली। शादी के दो दिन बाद उस्मान महिला को लेकर एक मस्जिद में पहुंच गया और जबरन मुस्लिम धर्म अपनाने का दवाब बनाया। इस दौरान मस्जिद में उर्दू में लिखे एक कागज पर हस्ताक्षर भी करा लिए गए।

मारपीट और गर्भपात कराने का आरोप
पीड़िता ने कौशांबी थाना पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि वह मुस्लिम धर्म अपनाने का तैयार नहीं हुई तो उस्मान और उसके परिवार ने उस पर जुर्म करने शुरू कर दिए। उसके साथ मारपीट की जाती थी, जबरन गर्भपात भी कराया गया और फिर 2019 में उस्मान ने दूसरी शादी कर ली।

अलग रहने के बाद देता था धमकी
महिला परेशान होकर अलग रहने लगी। उस्मान ने भी अपनी नौकरी बदल ली और हैदराबाद चला गया, उसके बाद जान से मारने की धमकी देने पर महिला थाने पहुंची और उस्मान के खिलाफ कार्यवाही की मांग करते हुए मुकदमा दर्ज कराया। पीड़िता ने ताहिर खान पुत्र सलीम खान पर आरोप लगाया कि उसने धोखे से अपने भाई उस्मान खान का नाम आयुष्मान बताते हुए शादी करा दी और फिर जबरदस्ती हिन्दू धर्म से मुस्लिम धर्म परिवर्तन अपनाने को मजबूर किया गया। इसके लिए गाली गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई।

हैदराबाद से गिरफ्तार हुआ उस्मान
एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार को हैदराबाद के साइबराबाद से उस्मान को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे गाजियाबाद ले आई। मामले में ताहिर खान, उसके दो भाई और मां पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।

अन्य खबरें