ग्रेटर नोएडा वेस्ट : शादी के 20 साल बाद 6 बच्चों की मां को दिया तीन तलाक, समझौता के नाम पर हलाला का दवाब

Google Image | Symbolic



Greater Noida West : जिले के जलपुरा गांव में रहने वाली एक महिला ने पति पर शादी के 20 साल बाद तीन बार तलाक बोलने का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपी पति अपनी पत्नी और छह बच्चों को छोड़कर गैर महिला के साथ रह रहा है। पत्नी के विरोध करने पर उसके और उसके बच्चों के साथ गाली-गलौज करता है। आरोपी पति के परिवार के लोग भी उसका साथ दे रहे हैं। ससुराल पक्ष के लोग महिला पर हलाला करने का दबाव बना रहे हैं। 

क्या है पूरा मामला
ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक महिला का आरोप है कि करीब 20 साल पहले उसकी शादी जलपुरा गांव के रहने वाले आजाद अली के साथ हुई थी। उनके छह बच्चे भी हैं। महिला का आरोप है कि आरोपी पति किसी गैर महिला के साथ रहने लगा है। पत्नी और बच्चे विरोध करते हैं तो उनके साथ गाली गलौज करता है। आरोपी ने अपनी पत्नी से तीन तलाक बोलकर उसे घर से निकाल दिया। 

पुलिस से नही मिली मदद तो कोर्ट पहुंची पीड़िता
महिला ने इस बात की शिकायत ससुराल पक्ष के लोगों से की तो वह पति के साथ रहने के लिए हलाला करने का दबाव बना रहे हैं। जिसकी शिकायत पीड़िता ने पुलिस से की थी, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद मजबूरन पीड़िता को न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी पति आजाद अली समेत 4 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

अन्य खबरें