ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेंदुए के बाद आया अजगर : लोगों ने वन विभाग से कहा- अब इसको तो पकड़ लो

Tricity Today | अजगर



Greater Noida West : नोएडा एक्सटेंशन में तेंदुए के बाद अब अजगर देखा गया है। लोगों ने सोमवार की दोपहर को ग्रेटर नोएडा वेस्ट टेकजोन-4 में अजगर देखा। जिसके बाद इसकी जानकारी ग्रेटर नोएडा वेस्ट की जनता ने वन विभाग को दी है। इससे पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेंदुआ देखा गया, लेकिन उसको वन विभाग की टीम पकड़ नहीं पाई। जिसके बाद तेंदुए की तलाश बंद कर दी गई थी।

वन विभाग की टीम पर तंज कसा
ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी और समाज सेविका रश्मि पांडे ने कहा कि अजगर को थोड़ी देर पहले देखा गया। इसकी जानकारी वन विभाग को दे दी है। रश्मि पांडे ने बताया कि कुछ दिनों पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेंदुआ देखा गया था। करीब 110 घंटे तक लगातार वन विभाग की टीम ने तेंदुए की तलाश की थी, लेकिन उसके बावजूद भी कामयाबी हासिल नहीं हुई। उन्होंने इस पर तंज कसते हुए कहा कि वन विभाग की टीम से तेंदुआ तो पकड़ा नहीं गया, लेकिन अब अजगर को तो पकड़ कर ले जाओ।

तेंदुए को पकड़ने के लिए 9 जिलों की टीम आई थी 
आपको बता दें कि बीते मंगलवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट की जनता ने तेंदुआ देखा था। इसकी जानकारी वन विभाग की टीम को दी गई। वन विभाग की टीम ने तेंदुए की तलाश शुरू की थी। कामयाबी नहीं मिलने पर 9 जिलों की टीम भी बुलाई गई, लेकिन उसके बावजूद भी तेंदुआ पकड़ में नहीं आया। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए की तलाश बंद कर दी थी। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा ली गार्डन की निर्माणधीन हाउसिंग सोसाइटी में तेंदुआ घुस गया था, लेकिन 110 घंटों की लम्बी तलाश के बावजूद भी हाथ नहीं लगा। जिसकी वजह से गौतमबुद्ध नगर वन विभाग की टीम को जिले की जनता की खरी-खोटी सुननी पड़ी थी।

अन्य खबरें